खेलों का रोमांच और सामाजिक सरोकारों से महका कैंपस
| योगेश शर्मा
जयपुर | स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (SKIT) में आयोजित वार्षिक उत्सव ‘प्रवाह 2026’ के दूसरे दिन रचनात्मकता, खेलकूद और मानवीय संवेदनाओं का एक अनूठा संगम देखने को मिला। पूरे दिन कैंपस में उत्साह का माहौल रहा, जहाँ एक ओर वीर रस की कविताओं ने जोश भरा, वहीं दूसरी ओर वंचित बच्चों की मुस्कान ने सभी का दिल जीत लिया।
काव्यांजलि: “उठ अर्जुन धनुष की टंकार कर” से गूंजा सभागार
दिन का भव्य आगाह साहित्यिक कार्यक्रम ‘काव्यांजलि’ से हुआ। देश के प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी लेखनी और प्रस्तुति से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
- वीर रस की हुंकार: जब मंच से “उठ अर्जुन धनुष की टंकार कर” जैसी ओजस्वी रचनाएँ पढ़ी गईं, तो पूरा सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूँजता रहा।
- दिग्गज कवियों का जमावड़ा: इस काव्य गोष्ठी में अंतर्राष्ट्रीय हास्य सम्राट बुद्धि प्रकाश दाधीच, वीर रस के प्रख्यात कवि अशोक चारण, रणदीप राहुल, हास्य कवि पारस, प्रसिद्ध शायर विक्की चौधरी, श्रृंगार रस की कवयित्री मुग्धा और निकिता चौधरी ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
पहल ‘भागीरथ’: वंचित बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान
प्रवाह 2026 केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका सामाजिक चेहरा ‘भागीरथ’ पहल के रूप में सामने आया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के जीवन में खुशियाँ लाना था।
- अतिथि नन्हे मुन्ने: सखी बाल निकेतन और सजल प्रखर स्कूलों के विद्यार्थी विशेष अतिथि के रूप में कैंपस पहुंचे।
- गतिविधियाँ: बच्चों ने विभिन्न इंटरएक्टिव खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन केक कटिंग, स्वादिष्ट भोजन और उपहारों के साथ हुआ, जिससे बच्चों के लिए यह दिन यादगार बन गया।
‘आवेग’ में खिलाड़ियों का जोश और तकनीकी नवाचार
खेलों के महाकुंभ ‘आवेग’ के तहत कैंपस के खेल मैदानों पर जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। कबड्डी, बास्केटबॉल, फुटबॉल और रस्साकस्सी जैसे मुकाबलों में विद्यार्थियों ने अपनी शारीरिक दक्षता और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
तकनीकी और रचनात्मक स्पर्धाएं:
विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास और मनोरंजन के लिए दिनभर कई दिलचस्प प्रतियोगिताएं चलती रहीं:
- दिमागी कसरत: कोडिंग लैंग्वेज, टेक टॉक, मर्डर मिस्ट्री और आईईईई सम्मिट।
- रोमांच और मस्ती: स्केवेंजर हंट, रोबो रश, डिबेट, नोक द गेट और ‘बचपन की यादें’।
इन आयोजनों ने छात्रों को अपनी समस्या समाधान क्षमता (Problem Solving) और नवाचार (Innovation) को प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच प्रदान किया।
