RSS चला रहा है सिस्टम, स्मार्ट सिटी में भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था चरमराई: चेतन डूडी का भाजपा पर हमला
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 22,2025
(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और अजमेर प्रभारी चेतन डूडी ने मंगलवार को सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान की मौजूदा सरकार संविधान की खुलेआम अनदेखी कर रही है और आरएसएस के इशारे पर पूरी शासन व्यवस्था संचालित हो रही है।
डूडी ने कहा कि “प्रदेश में लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों को कुचला जा रहा है। मंत्रियों को दरकिनार कर कुछ खास लोगों के जरिए सरकार चलाई जा रही है, जो पर्दे के पीछे से अधिकारियों को आदेश दे रहे हैं। अफसरशाही जनता के प्रति जवाबदेह नहीं रही, जिससे पूरे प्रदेश में अव्यवस्था फैल चुकी है।”
स्मार्ट सिटी में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
चेतन डूडी ने अजमेर स्मार्ट सिटी परियोजना को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च हुए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नजर नहीं आ रहा। “पॉश कॉलोनियों और बस्तियों में मामूली बारिश में ही जलभराव हो गया, जिससे साबित होता है कि यह सारा काम केवल कागजों पर हुआ। यह योजना भ्रष्टाचार का शिकार बनी और जनता को सिर्फ धोखा मिला।”
उन्होंने यह भी कहा कि अजमेर लंबे समय से भाजपा शासित नगर निगम के अधीन है, लेकिन शहर की हालत बद से बदतर होती जा रही है।
कांग्रेस की योजनाओं को बंद करने का आरोप
डूडी ने भाजपा सरकार पर जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की 100 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को बंद कर स्मार्ट मीटर थोप दिए गए हैं, जिससे जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। “RGHS योजना पूरी तरह विफल साबित हुई है और भाजपा पौने दो साल में एक भी नई योजना नहीं ला पाई है।”
महिला सुरक्षा पर जताई चिंता
डूडी ने प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि “राजस्थान महिला उत्पीड़न के मामलों में देशभर में शीर्ष पर पहुंच गया है। दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। यहां तक कि मंत्री खुद छापे मारने जा रहे हैं, जिससे यह जाहिर होता है कि प्रशासन सरकार की नहीं सुन रहा और व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है।”
चुनाव टालने की साजिश का आरोप
राज्य में निकाय चुनावों को लेकर चेतन डूडी ने बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार जानबूझकर चुनाव टाल रही है क्योंकि उसे पता है कि जनता का मूड सरकार के खिलाफ है। हाईकोर्ट में चुनाव को लेकर याचिका लंबित है, लेकिन सरकार जवाब नहीं दे रही। यह दर्शाता है कि भाजपा जनमत से डर रही है।”
कांग्रेस एकजुट, भाजपा में अंदरूनी कलह
गुटबाजी के सवाल पर चेतन डूडी ने कांग्रेस में किसी प्रकार के मतभेद से इनकार किया। उन्होंने कहा कि “भाजपा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, वसुंधरा राजे, गजेंद्र सिंह शेखावत और राजेंद्र राठौड़ के बीच सत्ता संघर्ष साफ नजर आता है, जबकि कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर जनता के मुद्दों के लिए काम कर रहे हैं।”
संविधान बचाओ रैली का ज़िक्र
प्रेस वार्ता में डूडी ने कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह रैली भाजपा की जनविरोधी नीतियों और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिशों के खिलाफ है। “हम जनता को यह समझाना चाहते हैं कि कैसे भाजपा सरकार संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है।”