50 हजार रूपए लेकर भागने वाले आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार
— पुलिस ने वारदात का किया खुलासा, चोरी की रकम में से 20 हजार बरामद
गौरव कोचर
जयपुर।
थाना बजाज नगर क्षेत्र के बरकत नगर में महिला से 50 हजार रूपए लेकर फरार हुए आरोपियों को पुलिस ने महज 48 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। महिला अपनी बेटी की शादी के लिए कपड़े खरीदने बरकत नगर आई थी, इसी दौरान उसके बैग से रुपये की गड्डी गिर गई थी, जिसे दो युवक उठाकर फरार हो गए। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
कैसे पुलिस ने पकड़े आरोपी
घटना के बाद जिला विशेष टीम व थाना बजाज नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 250 से 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में मिले हुलिये और मोटरसाइकिल के आधार पर मुखबिरों से जानकारी एकत्र की गई। इसके बाद कई स्थानों पर दबिश देकर लोकेश उर्फ छोटू और आलोक उमरवाल को डिटेन किया गया।
दोनों आरोपियों से पूछताछ में चोरी की पुष्टि हुई। इनके कब्जे से चोरी में से 20,000 रुपए बरामद किए गए, जबकि शेष रुपए की बरामदगी जारी है। वारदात में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पूछताछ में खुलासा
आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे के लिए चोरी, स्नैचिंग व सूने मकानों में चोरी की वारदातें करते हैं।
इन्होंने घटना से एक दिन पहले जयपुरिया अस्पताल इलाके से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। उसी बाइक पर दोनों बरकत नगर पहुंचे थे।
वारदात के दौरान एक महिला के बैग से पैसों की गड्डी गिरने पर दोनों ने बाइक रोककर पैसे उठाए और भाग निकले। पीछा करने पर भी वे बच निकले।
गिरफ्तार आरोपी
- लोकेश उर्फ छोटू (उम्र 21 वर्ष) निवासी बाबा रामदेव नगर, न्यू सांगानेर रोड, थाना महेश नगर जयपुर
- आलोक उमरवाल (उम्र 18 वर्ष) निवासी बालाजी बिहार, स्वेज फार्म, थाना महेश नगर जयपुर
इनके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में चोरी, पर्स छीनने और सूने मकानों में ताले तोड़कर चोरी करने के प्रकरण दर्ज हैं।
कार्रवाई में प्रमुख भूमिका
जिला स्पेशल टीम एवं थाना बजाज नगर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने लगातार निगरानी, सीसीटीवी स्कैनिंग, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के जरिए मामला सुलझाया।

