5 जून विश्व पर्यावरण दिवस तक आयोजित होंगी जिला स्तरीय विविध गतिविधियां; मीडिया की भूमिका को बताया अहम

पाली। योगेश शर्मा 

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप प्रदेशभर में पारंपरिक जल स्रोतों के पुनरुद्धार और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को पाली जिला मुख्यालय पर ‘वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस वृहद् अभियान का आगाज प्रदेश के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने किया। यह जन अभियान सोमवार से प्रारंभ होकर आगामी 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) तक अनवरत चलेगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

प्रभात फेरी और कलश यात्रा से हुआ चेतना का संचार

​सुबह कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने स्थानीय व्यास सर्किल पर हरी झंडी दिखाकर ‘वंदे गंगा प्रभात फेरी’ को रवाना किया। यह प्रभात फेरी व्यास सर्किल से शुरू होकर अंबेडकर सर्किल तक पहुंची, जिसमें स्काउट गाइड, स्कूली बच्चों, जनप्रतीनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पूरे मार्ग में जल संरक्षण के गगनभेदी नारे गूंजते रहे। मंत्री कुमावत ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को जल बचाने और उसे संरक्षित रखने की सामूहिक शपथ भी दिलाई। इसके पश्चात गऊ घाट और कलश यात्रा मार्ग पर विधि-विधान से जल पूजन, पीपल पूजन, दीप प्रज्ज्वलन और आकर्षक रंगोली निर्माण जैसे सांस्कृतिक व पर्यावरण-अनुकूल कार्यक्रम आयोजित किए गए।

लखोटिया उद्यान में श्रमदान और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण

​जागरूकता कार्यक्रमों की अगली कड़ी में ऐतिहासिक लखोटिया उद्यान में व्यापक श्रमदान एवं स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें कैबिनेट मंत्री ने स्वयं फावड़ा थामकर सहभागिता की। इसके उपरांत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से संचालित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत मंत्री कुमावत, जिला कलेक्टर और अन्य अधिकारियों ने उद्यान परिसर में सघन पौधारोपण किया। पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद नारी शक्ति को पीपल के पौधे वितरित किए।

​इस दौरान उन्होंने राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) के तहत स्वरोजगार से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और स्थानीय महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।

बढ़ता जल संकट एक गंभीर चुनौती, महिलाओं की भागीदारी जरूरी: कुमावत

​मुख्य अतिथि पद से समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि जल के बिना सृष्टि की कल्पना पूरी तरह असंभव है। हमारी सनातन संस्कृति ने हमेशा प्रकृति, नदियों और जल को पूजनीय माना है।

​”आज बढ़ता जल संकट हमारे सामने एक गंभीर चुनौती है। हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पानी की एक-एक बूंद को सहेजना ही होगा। कोई भी अभियान तब तक धरातल पर सफल नहीं हो सकता, जब तक आम जनता उससे दिल से न जुड़े। कलश यात्रा में उमड़ी मातृशक्ति की यह भारी भीड़ दर्शाती है कि समाज में जल चेतना जागृत हो चुकी है, क्योंकि हमारे घरों में जल प्रबंधन की मुख्य धुरी महिलाएँ ही हैं।”

— जोराराम कुमावत, कैबिनेट मंत्री

 

​उन्होंने उपस्थित जनसमूह से वर्षा जल संचयन (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग) की तकनीकों को अपनाने और पानी की बर्बादी रोकने का कड़ा संकल्प लेने का आह्वान किया।

जल संरक्षण में मीडिया की भूमिका सबसे अहम

​कार्यक्रम के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री कुमावत ने 5 जून तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी नीति या अभियान को जन-आंदोलन बनाने में मीडिया की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। मीडिया अपनी ताकत से इस संदेश को ढाणी-ढाणी और घर-घर तक पहुंचा सकती है। उन्होंने पिछले वर्ष राज्य में हुए रिकॉर्ड पौधारोपण का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारा यह परम दायित्व है कि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ पर्यावरण, सुरक्षित धरोहर और समृद्ध संस्कृति सौंप कर जाएं।

कार्यक्रम में ये वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

​इस गरिमामयी जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान जिले के प्रभारी सचिव पी. रमेश, जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, नगर परिषद के पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मुकेश चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ACEO) महेंद्र मेहता, पुखराज पटेल, त्रिलोक चौधरी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी, उपखंड अधिकारी (SDM) और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक व स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

कमला एकादशी पर पुष्कर सरोवर में पंचतीर्थी स्नान शुरू, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

हरि प्रसाद शर्मा  पुष्कर (अजमेर)। धार्मिक नगरी पुष्कर में कमला...