करौली, 7 जुलाई 2026 / संजय सिंह/ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अथक प्रयासों और राज्य सरकार की सकारात्मक पहल के रंग लाने से सोमवार को 20 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद पांचना बांध से सिंचाई के लिए पानी छोड़ दिया गया। हालांकि, जल प्रवाह शुरू होने के कुछ ही समय बाद अचानक एक तकनीकी खामी आ गई, जिससे कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सका। स्थिति को भांपते हुए करौली जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने तुरंत मोर्चा संभाला। वर्तमान में एसडीआरएफ (SDRF) व विशेषज्ञों की टीमें समस्या को दूर करने में जुटी हुई हैं।
ग्राउंड जीरो पर डटे आला अधिकारी, युद्ध स्तर पर सुधार कार्य जारी
जल प्रवाह के दौरान आई तकनीकी रुकावट की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया। स्थिति की संवेदनशीलता और महत्ता को देखते हुए ग्रामीण विकास विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल, भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक कैलाश चंद बिश्नोई, संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया और जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता भुवन भास्कर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर डटे हुए हैं।
इसके साथ ही, जिला कलक्टर करौली अक्षय गोदारा, पुलिस अधीक्षक करौली लोकेश सोनवाल और जिला कलक्टर सवाई माधोपुर कानाराम की अगुवाई में जल संसाधन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, संवेदक और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत और तकनीकी कार्यों की निगरानी रख रही हैं।
देर रात तक जल प्रवाह पुनः शुरू होने की संभावना
जल संसाधन विभाग के स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा समस्या के समाधान के लिए लगातार काम किया जा रहा है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि जब तक इस तकनीकी खामी का पूर्ण समाधान नहीं हो जाता, तब तक टीमें निरंतर कार्य करती रहेंगी। उम्मीद जताई जा रही है कि देर रात तक तकनीकी खामी को पूरी तरह दूर कर कमांड क्षेत्र की नहरों में जल प्रवाह दोबारा बहाल कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
इस बीच, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थानीय किसानों और आमजन से शांति, सौहार्द तथा आपसी सद्भाव बनाए रखने की विशेष अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा:
”राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूर्ण रूप से संवेदनशील है। सिंचाई व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। किसान भाइयों को धैर्य रखना चाहिए, सरकार उनके साथ खड़ी है।”
करौली जिला प्रशासन ने भी क्षेत्र के किसानों से धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया है और विश्वास दिलाया है कि तकनीकी समस्या को जल्द से जल्द सुलझाकर खेतों तक सिंचाई का पानी सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के सीधे निर्देशन में इस पूरी स्थिति की पल-पल की मॉनिटरिंग की जा रही है।