राजस्थान/ धर्म विशेष
गुरू पूर्णिमा महोत्सव की धूम: सैनाचार्य अचलानन्द गिरि के सान्निध्य में देशभर से जुटेंगे श्रद्धालु
Edited By : सुनील शर्मा
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 03,2025
पुष्कर/अजमेर (हरिप्रसाद शर्मा)।
संपूर्ण भारतवर्ष में आध्यात्मिक आस्था और श्रद्धा का प्रतीक गुरू पूर्णिमा महोत्सव इस वर्ष गुरुवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु संतों, गुरुओं और आश्रमों में पहुंचकर अपने आध्यात्मिक गुरुओं के प्रति श्रद्धा अर्पित करेंगे।
पुष्कर स्थित सैन भक्ति पीठ रामदेव बाबा जुगल जोड़ी मंदिर में भी गुरू पूर्णिमा पर्व को लेकर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। संस्था के प्रवक्ता रंघुवीर सिंह भादावत ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का मुख्य आयोजन जोधपुर में सैन भक्ति पीठ के संस्थापक सैनाचार्य स्वामी अचलानन्द गिरि जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित होगा।
भजन संध्या से होगी शुरुआत
गुरू पूर्णिमा की पूर्व संध्या यानी बुधवार को “एक शाम गुरू महाराज के नाम” शीर्षक से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्ति संगीत की गूंज वातावरण को भक्तिमय बनाएगी। स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ विभिन्न प्रांतों से पधारे भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
गुरुवार को गुरू पूजन और प्रसादी वितरण
गुरुवार को प्रातःकाल से गुरू पूजन का शुभारंभ होगा, जो दोपहर तक अनवरत चलेगा। पूजन के उपरांत गुरू प्रसादी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भोजन प्रसाद ग्रहण करेंगे। आयोजकों ने बताया कि देशभर से सैवाचार्य स्वामी अचलानन्द गिरि जी के शिष्यगण और भक्त बड़ी संख्या में इस महोत्सव में भाग लेने जोधपुर पहुंचेंगे।
श्रद्धा और सेवा का संगम
इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। साथ ही भक्तों के लिए आवास, भोजन एवं चिकित्सा आदि की सुविधाओं की भी विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचने और व्यवस्था में सहयोग की अपील की है।