जोधपुर/ नरेश गुनानी/26 जुलाई 2026 — संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने रविवार को जोधपुर के संगम नगर (कुड़ी भगतासनी) स्थित चामुण्डा माता मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी को सुना।
संबोधन के पश्चात जोगाराम पटेल ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम पूरे देश के लिए प्रेरणा का एक सशक्त स्रोत बन चुका है। प्रधानमंत्री द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण, खेल, विज्ञान और स्वदेशी जैसे विषयों पर दिए गए संदेश प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने नागरिकों से आगामी स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ फहराने का भी आह्वान किया।
136वें ‘मन की बात’ संबोधन के प्रमुख बिंदु
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 136वें संबोधन में देश के सैन्य पराक्रम, खेल उपलब्धियों, जल संरक्षण और स्वदेशी अभियानों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला:
1. कारगिल शहीदों को नमन और ‘शौर्य विजय यात्रा’
- प्रधानमंत्री ने ‘कारगिल विजय दिवस’ के अवसर पर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
- दिल्ली से द्रास तक निकाली जा रही ‘शौर्य विजय यात्रा’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने “वन राइड, वन नेशन, वन सैल्यूट” का संदेश दोहराया।
2. रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और स्वदेशी ताकत
- भारत के वैश्विक रक्षा शक्ति बनने पर जोर देते हुए आईएनएस महेंद्रगिरि, डीआरडीओ के पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट तथा कुशा मिसाइल के सफल परीक्षणों की सराहना की गई, जिससे वैश्विक स्तर पर भारत की सैन्य तकनीक पर विश्वास बढ़ा है।
3. जल संरक्षण: ‘कैच द रैन’ अभियान
- जल संरक्षण के लिए ‘कैच द रैन’ को जन-आंदोलन बनाने की अपील की गई।
- मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पुराने तालाबों, बावड़ियों और अमृत सरोवरों के जीर्णोद्धार के प्रयासों की सराहना की गई। प्रधानमंत्री ने कहा, “आज बचाई गई पानी की एक-एक बूंद आने वाली पीढ़ियों की पूंजी बनेगी।”
4. खेल और विज्ञान के क्षेत्र में भारत का परचम
- कॉमनवेल्थ गेम्स में भाग ले रहे भारतीय एथलीटों को शुभकामनाएं दी गईं।
- बैडमिंटन में पीवी सिंधु की ‘जापान ओपन’ जीत तथा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की लॉर्ड्स में ऐतिहासिक टेस्ट विजय की विशेष सराहना की।
- अंतरराष्ट्रीय साइंस ओलंपियाड में भारतीय विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सराहा।
5. पर्यावरण संरक्षण और ‘एक पेड़ मां के नाम’
- ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अहमदाबाद में मात्र 1 घंटे में 3.5 लाख पौधे लगाकर बने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड और उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे रोपने के विशाल संकल्प का उल्लेख किया गया।
6. स्वदेशी का संकल्प: ‘वोकल फॉर लोकल’
- आगामी 7 अगस्त को मनाए जाने वाले ‘नेशनल हैंडलूम डे’ (राष्ट्रीय हथकरघा दिवस) और आगामी त्योहारों को देखते हुए देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत खादी और भारतीय हस्तशिल्प उत्पादों को अपनाने का आग्रह किया गया।