रायगढ़,छत्तीसगढ़।
विसंगतिपूर्ण युक्तियुक्तकरण, क्रमोन्नत वेतनमान, पूर्ण पेंशन एवं डी.एड. प्रशिक्षकों की पदोन्नति को लेकर शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
भीषण नौतपा में सैकड़ों शिक्षक जुटे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में, चार सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन तेज
Edited By: गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
1 जून 2025, रविवार। रायगढ़।
छत्तीसगढ़ के समस्त शिक्षक संगठनों के समन्वय से गठित शिक्षक साझा मंच के प्रांतीय आह्वान पर रायगढ़ स्थित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आज से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन प्रारंभ हो गया है। नौतपा की भीषण गर्मी के बावजूद सैकड़ों शिक्षक इस आंदोलन में सम्मिलित हुए और चार सूत्रीय प्रमुख मांगों को लेकर राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में आवाज बुलंद की।
प्रमुख मांगे:
- युक्तियुक्तकरण की विसंगतियों का सुधार:
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा किए गए युक्तियुक्तकरण में भारी विसंगतियों की शिकायत करते हुए शिक्षकों ने मांग की कि इसे 2008 के सेटअप नियमों के आधार पर पुनः व्यवस्थित किया जाए। - पूर्व सेवा की गणना कर पेंशन का लाभ:
शिक्षकों ने यह भी मांग रखी कि पूर्व सेवा की गणना करते हुए उन्हें पूर्ण पेंशन का लाभ दिया जाए। - क्रमोन्नत वेतनमान के लिए सामान्य आदेश (जनरल ऑर्डर):
वर्षों से लंबित क्रमोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र क्रियान्वयन हेतु जनरल ऑर्डर जारी करने की मांग की गई। - डी.एड. प्रशिक्षकों को व्याख्याता पद पर पदोन्नति:
योग्य डी.एड. प्रशिक्षित शिक्षकों को व्याख्याता पद पर पदोन्नति देने की लंबे समय से की जा रही मांग को भी दोहराया गया।
शासन की नीतियों पर गहरा असंतोष:
धरने में उपस्थित शिक्षकों ने यह आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा गुणवत्ता सुधार के नाम पर नई भर्ती, पदोन्नति एवं क्रमोन्नति से ध्यान भटका रही है। एक ही परिसर में संचालित स्कूलों के नाम पर 10,464 विद्यालयों का समायोजन करते हुए प्रधान पाठक के पद को समाप्त किया जा रहा है, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
काउंसलिंग का बहिष्कार:
शिक्षकों ने रायगढ़ जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 3 एवं 4 जून को आयोजित की जा रही काउंसलिंग का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। इसके लिए शिक्षकों ने व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से पत्र प्रस्तुत किए हैं।
धरना स्थल पर रहे प्रमुख शिक्षक नेता:
इस विशाल धरना प्रदर्शन में प्रांतीय उपसंचालक गिरिजा शंकर शुक्ला, जिला संचालकगण नेतराम साहू, राजकमल पटेल, राहुल डनसेना, आशीष रंगारी, संजीव शेट्टी (अध्यक्ष, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ), दीनबंधु जायसवाल (जिला संयोजक, छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी संघ फेडरेशन रायगढ़), राजेंद्र चौरसिया, नोहर सिंह सिदार, भोजराज पटेल, बिनेश भगत, कार्तिक चौहान, अजय पटनायक, संतोष पटेल, सौरभ पटेल, एम.डी. महंत, गुरु चरण भगत, शैलेंद्र मिश्रा, गायत्री ठाकुर, रचना महंत, प्रेमा सिदार, नेहरू निषाद, अंजना साहू, रवि वर्मा, संदीप बाखला, संतोषी थवाईत, हरिकृष्ण पटेल, पिंगलेश्वरी पटेल, श्रद्धा कश्यप सहित सैकड़ों शिक्षक साथी उपस्थित रहे। धरना प्रदर्शन का कुशल संचालन मुरलीधर गुप्ता द्वारा किया गया।