जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन ने देश-प्रदेश की प्रगति और जनकल्याणकारी योजनाओं को सराहा
मुस्कान तिवाड़ी
जयपुर, 14 जून। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक विकास कार्यों और उपलब्धियों को डिजिटल व व्यावहारिक रूप से आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना केंद्र में आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी का रविवार को समापन हो गया। ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ विषय पर केंद्रित इस प्रदर्शनी को देखने के लिए तीन दिनों तक भारी संख्या में लोग पहुंचे।
प्रदर्शनी में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किए गए अभूतपूर्व विकास कार्यों, जनहितकारी नीतियों तथा उपलब्धियों को आकर्षक डिजाइनों, जीवंत फोटोग्राफ्स और ज्ञानवर्धक सूचना सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया था, जिसे आगंतुकों ने खूब सराहा।
युवाओं और विद्यार्थियों के लिए बनी ज्ञान का केंद्र
उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क हेमंत सिंह ने प्रदर्शनी की सफलता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन 12 से 14 जून तक किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सरकार की जनहितकारी योजनाओं और बुनियादी ढांचे में हुए बदलावों की प्रामाणिक जानकारी एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना था।
व्यापक जनभागीदारी और सराहना
तीन दिनों तक चली इस विकास प्रदर्शनी का शहर के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध जनों, स्कूली व कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ आम जनता ने उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। प्रदर्शनी में आए नागरिकों ने माना कि इस तरह के आयोजनों से न केवल सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूकता बढ़ती है, बल्कि आम आदमी को अपने अधिकारों और मिलने वाले लाभों को समझने में भी आसानी होती है। विशेषकर युवाओं ने सूचना सामग्री और फोटोग्राफ्स के जरिए देश व प्रदेश के विकास मॉडल को बेहद करीब से जाना।