राजस्थान
गौ सेवा में अग्रणी पुष्कर की एनिमल केयर सोसायटी ने घायल गऊ माता को बचाकर पेश की मिसाल
Written By: नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 10, 2025
पुष्कर/अजमेर (हरिप्रसाद शर्मा):
पशु सेवा को समर्पित संस्था एनिमल केयर सोसायटी ने एक बार फिर अपने सेवा कार्य से समाज में सकारात्मक संदेश दिया है। शनिवार को संस्था की टीम ने पुष्कर के निकटवर्ती गाँव थांवला क़िला (जिला नागौर) में हिंसक जानवर के हमले का शिकार हुई एक गाय को बचाकर पुष्कर स्थित गौशाला में सुरक्षित पहुँचाया।
संस्था के अध्यक्ष हेमंत रायता ने बताया कि उन्हें गाँव थांवला क़िला में घायल अवस्था में एक गऊ माता के पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही संस्था की रेस्क्यू टीम सक्रिय हुई और तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुँची। वहाँ पहुंचने पर पाया गया कि गाय पर हिंसक जानवर ने हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी।
गंभीर हालत में मिली इस गऊ माता की दशा अत्यंत मार्मिक थी, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। टीम ने बिना समय गवाएं उसे एंबुलेंस के माध्यम से पुष्कर की गौशाला में शिफ्ट किया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में अध्यक्ष हेमंत रायता के साथ डॉ. प्रवीण चौधरी, डॉ. रोहित गुर्जर, प्रिंस पाराशर, गौ सेवक शैलेन्द्र उपाध्याय, शौकत अली, हर्ष पाराशर, करण गुर्जर, सेठु गुर्जर सहित अन्य सेवक भी शामिल रहे। इन सभी ने अपने प्रयासों से एक निर्दोष जान की रक्षा की और मानवीयता की सच्ची मिसाल पेश की।
रायता ने बताया कि उनकी संस्था बिना किसी सरकारी सहयोग के, केवल जन समर्थन के बलबूते गौ सेवा और पशु रेस्क्यू का कार्य निःस्वार्थ भाव से करती है। “हमारी टीम हर समय तैयार रहती है, चाहे दिन हो या रात, पशु की सेवा ही हमारा उद्देश्य है,” उन्होंने कहा।
स्थानीय लोगों और पशुप्रेमियों ने एनिमल केयर सोसायटी की इस पहल की सराहना की है और जन सहयोग के साथ इस सेवा कार्य को और सशक्त करने का आह्वान भी किया है।
