हेवल्स शोरूम का भव्य शुभारंभ: घरघोड़ा बना व्यवसायिक क्रांति का नया केन्द्र – सिल्लू
Edited By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
जून 28,2025
घरघोड़ा (रायगढ़, छत्तीसगढ़)।
घरघोड़ा में व्यापारिक विकास की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ गया है। शनिवार को सुमंगलम कॉम्प्लेक्स में स्थापित हेवल्स शोरूम का नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह चौधरी (सिल्लू) ने विधिवत रूप से लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “अब घरघोड़ा को ब्रांडेड इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के लिए 35 किलोमीटर दूर रायगढ़ नहीं जाना पड़ेगा।” उन्होंने इसे व्यवसायिक क्रांति का केंद्र बिंदु बताया और कहा कि घरघोड़ा अब न केवल रेलवे जंक्शन बन चुका है, बल्कि व्यावसायिक हब के रूप में भी तेजी से उभर रहा है।
एसईसीएल से सेवा निवृत्त, अब नया व्यवसायिक अध्याय
इस शोरूम का संचालन मो. आलम द्वारा किया जा रहा है, जो एसईसीएल से सेवा निवृत्त होने के बाद घरघोड़ा में अपने अनुभव और उद्यमिता के जरिए नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। ट्रेड यूनियन इंटक के वरिष्ठ नेता गनपत चौहान ने आलम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, “अब उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक वाले हेवल्स जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड के उत्पाद घर पर ही उपलब्ध होंगे।”

सम्माननीय जनों की उपस्थिति में हुआ लोकार्पण
इस मौके पर नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी और जनप्रतिनिधि जैसे किरोड़ी शर्मा, धरमपाल ठाकुर, पार्षद अनिल लकड़ा, बबलू मोटवानी, सलमान खान, शाहरुख खान, नाजिर खान, नेपाली खान, शेख फाजिल, ललन गिरी, मनबोध बेहरा और नितेश चंद्रवंशी भी उपस्थित रहे।
हेवल्स कंपनी के इंजीनियर योगेश गंजीर तथा उनकी टीम के सदस्य सुफी खान, शिव साहू, ओमनाथ साहू और मोहन कुमार की उपस्थिति से आयोजन में तकनीकी जानकारियों की भी जानकारी दी गई।
कोयला नगरी से व्यवसायिक हब की ओर: घरघोड़ा का बदलता चेहरा
सुरेन्द्र चौधरी और गनपत चौहान ने बताया कि घरघोड़ा क्षेत्र, जो कभी सिर्फ डोमनारा और बरौद कालरी जैसी सीमित खदानों के लिए जाना जाता था, आज निजी और सार्वजनिक क्षेत्र की बड़ी कंपनियों जैसे जिंदल, अडानी, टाटा, बिड़ला और एनटीपीसी के कारण आर्थिक गतिविधियों का गढ़ बन गया है। 1992 के बाद खनन के मशीनीकरण से एसईसीएल की कई खदानें शुरू हुईं, जिससे बड़ी संख्या में कर्मचारी और उनके परिवार यहां बस गए, और इस क्षेत्र में ब्रांडेड उत्पादों की मांग में जबरदस्त वृद्धि हुई।

व्यापार की नई लकीर: स्थानीय से वैश्विक की ओर
हेवल्स शोरूम का शुभारंभ केवल एक प्रतिष्ठान का उद्घाटन नहीं, बल्कि घरघोड़ा की व्यापारिक महत्वाकांक्षा और उन्नति की पहचान बन गया है। यह पहल दर्शाती है कि कैसे एक समय में पिछड़े माने जाने वाला क्षेत्र, अब रायगढ़ जिले के उभरते हुए व्यवसायिक केन्द्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
उल्लेखनीय है कि यह शोरूम न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस है, बल्कि ग्राहकों को बिजली के उपकरणों, वायरिंग समाधानों, पंखों, गीजर, लाइटिंग और अन्य इलेक्ट्रिकल उत्पादों की व्यापक रेंज भी उपलब्ध कराएगा।
इसका उद्घाटन उत्साह और उमंग के माहौल में संपन्न हुआ और यह निश्चित रूप से आने वाले समय में घरघोड़ा के विकास पथ में एक मील का पत्थर साबित होगा।