हेरिटेज निगम अधिकारी सफाई व्यवस्था को रखें प्राथमिकता पर, वर्षभर युद्ध स्तर पर चले सफाई अभियान – शासन सचिव रवि जैन
जयपुर, 12 अगस्त 2025, 08:07 PM
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन ने मंगलवार को नगर निगम हेरिटेज मुख्यालय में निगम अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने संपर्क पोर्टल, अन्य ऑनलाइन पोर्टल और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त पत्रावलियों, शिकायतों और मांगों के निस्तारण की समीक्षा की तथा सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
रवि जैन ने कहा कि सफाई व्यवस्था निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिस तरह स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान विशेष ध्यान देकर सफाई अभियान चलाया जाता है, वैसा ही जोश और जज्बा पूरे साल बरकरार रहना चाहिए। उन्होंने वर्षभर युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन पट्टा प्रक्रिया पर जोर
उन्होंने हेरिटेज निगम में लंबित पट्टा फाइलों का जिक्र करते हुए स्पष्ट कहा कि अब कोई भी पट्टा ऑफलाइन जारी नहीं होना चाहिए। जोन उपायुक्त और लैंड शाखा उपायुक्त को निर्देश दिए गए कि जो भी ऑफलाइन फाइलें लंबित हैं, उन्हें तुरंत ऑनलाइन किया जाए और आवेदकों को दस्तावेज ऑनलाइन जमा करवाने के लिए जागरूक किया जाए। सरकारी जमीन से जुड़े पट्टा कार्यों में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आवारा पशुओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं के मामले में उन्होंने कहा कि विशेषकर परकोटे में यह समस्या गंभीर है। बेसहारा गायें सड़कों पर घूमती रहती हैं और अवैध डेयरियों की शिकायतें मिल रही हैं। निगम की पशु प्रबंधन शाखा को ठोस योजना बनाकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कचरा प्रबंधन पर कड़ी निगरानी
कचरे के ढेर न बनने और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखने को कहा गया। सड़क किनारे कचरा पात्र ओवरफ्लो न हों और उनके आसपास गंदगी न फैले, इस पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कचरा फेंकने वालों की पहचान कर सख्त चालान किया जाए। दुकानों के बाहर डस्टबिन नहीं होने पर भी चालान की कार्रवाई हो और शिकायतें ज्यादा होने पर दुकान सीज करने तक की कार्यवाही की जाए। हूपर की नियमित मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक से पहले नगर निगम हेरिटेज आयुक्त निधि पटेल ने शासन सचिव का स्वागत किया और निगम की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र यादव, सभी जोन उपायुक्त, शाखा प्रभारी, अभियंता अधिकारी और स्वास्थ्य निरीक्षक उपस्थित रहे।