हरिद्वार / ऋषिकेश/ प्रीति बालानी
सावन के पवित्र महीने के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या उत्तराखंड के हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान धार्मिक नगरी हरिद्वार के प्रसिद्ध हर की पौड़ी तट पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मां गंगा में लगाई डुबकी और भरा पवित्र जल
हरिद्वार पहुंचने के बाद तेजस्वी सूर्या ने हर की पौड़ी पर पवित्र गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई और वैदिक रीति-रिवाज से मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पवित्र गंगाजल भरा और कांवड़ उठाकर ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक वीरभद्र महादेव मंदिर के लिए पैदल यात्रा पर रवाना हुए।
इस दौरान उनके साथ भाजयुमो के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता व शिवभक्त शामिल रहे। पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
”यह दुनिया की सबसे बड़ी युवा भागीदारी वाली यात्रा”
मिडिया एवं संवाददाताओं से बातचीत करते हुए तेजस्वी सूर्या ने कांवड़ यात्रा के महात्म्य पर प्रकाश डाला:
“कांवड़ यात्रा विश्व की सबसे बड़ी युवा भागीदारी वाली आस्था यात्रा है। इसमें देश के करोड़ों युवा बिना किसी औपचारिक आमंत्रण या शुल्क के केवल अटूट श्रद्धा, भक्ति और विश्वास के भाव से शामिल होते हैं।”
उन्होंने आगे कहा:
- सनातन से जुड़ने का आह्वान: देशभर के युवाओं से भारतीय संस्कृति, परंपरा और सनातनी मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
- व्यक्तिगत अनुभव: दक्षिण भारत से होने के बावजूद उनके मन में कई वर्षों से कांवड़ यात्रा का हिस्सा बनने की तीव्र इच्छा थी, जो इस सावन भोलेनाथ की कृपा से पूर्ण हुई।
- निःस्वार्थ भक्ति: उन्होंने स्पष्ट किया कि वह यहाँ किसी राजनीतिक उद्देश्य या कार्यक्रम के लिए नहीं, बल्कि एक सामान्य शिवभक्त (कांवड़िये) के रूप में पहुंचे हैं।
हरिद्वार में कांवड़ियों का उमड़ा सैलाब
सावन मास के चलते इस समय हरिद्वार में देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। प्रशासन द्वारा कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम आवाजाही के लिए कड़े इंतजाम और रूट डायवर्जन किए गए हैं। बारिश और भीषण गर्मी के बावजूद शिवभक्तों के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आ रही है।