— आधुनिक व्यवस्थाओं, सदन और राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का किया अवलोकन
— वासुदेव देवनानी के नेतृत्व में हुए विधायी नवाचारों को बताया अनुकरणीय, कार्यप्रणाली पर हुई विस्तृत चर्चा
जयपुर, 1 जुलाई / नरेश गुनानी/राजस्थान विधानसभा में बुधवार को अंतर-राज्यीय विधायी सहयोग और संसदीय परंपराओं के आदान-प्रदान की एक खूबसूरत झलक देखने को मिली। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से बुधवार को हरियाणा विधानसभा की जन स्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली और लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) समिति ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों राज्यों के विधायी कामकाज और संसदीय कार्यप्रणालियों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।
पुष्प गुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर किया स्वागत
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं इस समिति के सभापति डॉ. कृष्ण लाल मिढ्ढा का विधानसभा पहुंचने पर पुष्प गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस मुलाकात के दौरान देवनानी ने हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष को राजस्थान विधानसभा के प्रतीक चिह्न (लोगो) की सुंदर प्रतिकृति स्मृति-स्वरूप भेंट की।
विधायी कामकाज और नियमों पर हुई गंभीर चर्चा
इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान वासुदेव देवनानी, डॉ. कृष्ण लाल मिढ्ढा और समिति के सदस्यों के बीच दोनों राज्यों की विधानसभाओं के नियमों और प्रक्रियाओं पर विस्तृत मंथन हुआ। बैठक में मुख्य रूप से:
- विधानसभा की रोजमर्रा की कार्यवाही के संचालन,
- स्थगन प्रस्तावों की प्रासंगिकता,
- विशेष उल्लेख प्रस्तावों के माध्यम से जनहित के मुद्दे उठाने,
- तथा प्रश्नकाल के दौरान सरकार की जवाबदेही तय करने के संबंध में व्यावहारिक अनुभवों को साझा किया गया।
डिजिटल व्यवस्था और लोकतांत्रिक विरासत की सराहना
भेंट के पश्चात हरियाणा विधानसभा की इस उच्च स्तरीय समिति ने राजस्थान विधानसभा के भव्य सदन, मुख्य भवन तथा नवनिर्मित राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का गहन अवलोकन किया। समिति के सदस्यों ने राजस्थान विधानसभा भवन की आधुनिक और डिजिटल व्यवस्थाओं तथा सदन की अनुशासित कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा।
संग्रहालय में संजोई गई राजस्थान की गौरवशाली लोकतांत्रिक और संसदीय विरासत को देखकर समिति सदस्य अभिभूत नजर आए। उन्होंने राजस्थान विधानसभा में अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के नेतृत्व में पिछले कुछ समय में किए गए नवीन तकनीकी और प्रशासनिक नवाचारों की मुक्तकंठ से सराहना की। समिति ने इन नवाचारों को देश के अन्य विधानमंडलों के लिए भी बेहद उपयोगी और अनुकरणीय बताया।
ये वरिष्ठ सदस्य रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण अवसर पर हरियाणा विधानसभा समिति के वरिष्ठ सदस्य नरेश सेलवाल, कपूर सिंह, सतीश कुमार फगाना और मोहम्मद इसराइल भी उपस्थित रहे, जिन्होंने राजस्थान विधानसभा के अधिकारियों के साथ भी विधायी प्रक्रियाओं पर विचार साझा किए।