हज यात्रा 2026 के ट्रेनर्स के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 27 अक्टूबर निर्धारित
नरेश गुनानी
जयपुर, 07 अक्टूबर। हज यात्रा 2026 की तैयारियों के तहत चयनित यात्रियों को हज के अरकान, व्यवस्थागत निर्देशों एवं संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से इस वर्ष भी हज ट्रेनर्स के प्रशिक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी 7 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राजस्थान स्टेट हज कमेटी के अधिशाषी अभियंता अबु सुफियान चौहान ने बताया कि ट्रेनर पद हेतु आवेदन पत्र, आवश्यक योग्यताओं और अन्य सूचनाओं का विवरण हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट https://hajcommittee.gov.in पर उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की प्रति, शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र, हज या उमराह वीजा तथा संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां संलग्न कर 27 अक्टूबर 2025 तक कक्ष संख्या 1106, प्रथम तल, मुख्य भवन, शासन सचिवालय, जयपुर में कार्यालय समय के दौरान जमा कराना अनिवार्य है।
अबु सुफियान चौहान ने बताया कि अभ्यर्थियों का चयन हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित कम्प्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। CBT परीक्षा में 50 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए पात्र माना जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित ट्रेनर्स को आगामी हज यात्रा 2026 से पहले चयनित हज यात्रियों को प्रशिक्षण देने का दायित्व सौंपा जाएगा ताकि यात्रियों को यात्रा से संबंधित धार्मिक एवं व्यवस्थागत जानकारी समय पर और सही रूप में उपलब्ध कराई जा सके।