स्वास्थ्य सेवाओं में राजस्थान रच रहा कीर्तिमान
पेलिएटिव केयर में बेस्ट प्रैक्टिसेज के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान
जयपुर, 12 अक्टूबर 2025।
सुनील शर्मा • वरिष्ठ पत्रकार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व और चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में राजस्थान ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राज्य को पेलिएटिव केयर सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन और बेस्ट प्रैक्टिसेज के लिए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। यह सम्मान शनिवार को भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में राजस्थान को प्रदान किया गया। प्रदेश की ओर से राज्य नोडल अधिकारी डॉ. निर्मला शर्मा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने इस उपलब्धि पर विभागीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि राजस्थान आज स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में देश का मॉडल स्टेट बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में लागू किए गए नवाचारों और बेस्ट प्रैक्टिसेज के परिणामस्वरूप स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुगम और प्रभावी हुई हैं तथा स्वास्थ्य मानकों में उल्लेखनीय सुधार आया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में राजस्थान की स्वास्थ्य सेवाएं नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि विभाग स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन के लिए निरंतर नवाचार कर रहा है। उनका कहना था कि विभाग का उद्देश्य है कि स्वास्थ्य सुविधाएं राज्य के सबसे दुर्गम और रेगिस्तानी इलाकों तक सुलभ हों। इसी दिशा में पेलिएटिव केयर के क्षेत्र में कई नई बेस्ट प्रैक्टिसेज को अपनाया गया है, जिनके परिणामस्वरूप उल्लेखनीय सफलता मिली है। इन प्रयासों के लिए ही राजस्थान को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
असाध्य रोगों से पीड़ित मरीजों की जीवन गुणवत्ता में सुधार
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक अमित यादव ने बताया कि होम बेस्ड पेलिएटिव केयर के तहत राजस्थान में रेगिस्तानी, दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में प्रभावी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। असाध्य रोगों से पीड़ित मरीजों को घर पर ही आवश्यक चिकित्सा, परामर्श और देखभाल प्रदान की जा रही है, जिससे उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति में सुधार देखने को मिला है।
उन्होंने बताया कि नर्सिंग अधिकारी, फिजियोथैरेपिस्ट, आशा, एएनएम और सीएचओ के माध्यम से पेलिएटिव केयर सेवाएं राज्य के सभी जिलों में दी जा रही हैं। इन सेवाओं के जरिए न केवल मरीजों की जीवन गुणवत्ता में सुधार हो रहा है, बल्कि उन्हें सामाजिक और आध्यात्मिक दृष्टि से भी बेहतर माहौल प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और व्यापक बनाने की दिशा में कार्य जारी है।
इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि राजस्थान स्वास्थ्य नवाचारों और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है।