स्वदेशी उत्पाद अपनाएं, विदेशी छोड़ें, तभी मजबूत होगी भारत की अर्थव्यवस्था – विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी
रिपोर्ट: टेलीग्राफ टाइम्स/ हरि प्रसाद शर्मा/ अजमेर
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 12,2025
अजमेर, 12 अगस्त 2025 — अजमेर नगर निगम द्वारा आयोजित “हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता मेला” में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने स्वदेशी उत्पादों के अधिकतम उपयोग और विदेशी वस्तुओं के त्याग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत एक श्रम आधारित अर्थव्यवस्था है और भारतीय युवाओं की प्रतिभा पूरे विश्व में पहचानी जाती है। ऐसे में समय आ गया है कि हम अपनी घरेलू अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए स्वदेशी को प्राथमिकता दें।
देवनानी ने अपने संबोधन में कहा कि अगर देश का हर नागरिक संकल्प ले, तो स्वदेशी उत्पादों के बल पर भारतीय अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है। उन्होंने नगर निगम को इंदौर और सूरत की तरह शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए मिशन मोड में कार्य करने की सलाह दी और कहा कि इस प्रयास में आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
मेला स्थल पर विभिन्न संस्थाओं और स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) द्वारा लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन करते हुए उन्होंने महिलाओं के उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों की खरीद न केवल स्थानीय उद्योग को बढ़ावा देती है बल्कि महिला सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।
अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन और नागरिकों में स्वच्छता व देशभक्ति की भावना को प्रबल बनाना है। तिरंगा मेला, रैली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रंगोली प्रतियोगिता, लाइव म्यूजिक कंसर्ट, घूमर और चरी नृत्य जैसी गतिविधियों में शहरवासियों ने उत्साह से भाग लिया।
नगर निगम अजमेर के दोनों भवनों एवं मेला स्थल पर स्वच्छता हस्ताक्षर अभियान और शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से स्वच्छता और स्वदेशी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।