स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का बलिदान वर्तमान पीढ़ी को याद दिलाना जरूरी: चंद्रप्रकाश वाजपेयी

5 जुलाई को डॉ. शकुंतला जितपुरे के निवास पर होगी अगली बैठक

बिलासपुर। गनपत चौहान 

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार संगठन, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) द्वारा स्थानीय गोड़पारा स्थित ई. रमेंद्र राव (बाबा) एवं पूर्व महापौर श्रीमती वाणी राव के निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष मुरली खंडेलवाल के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में मई और जून माह में जयंती व पुण्यतिथि वाले राष्ट्रीय जनचेतना के संवाहकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

​कार्यक्रम के तहत ठीक सुबह 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज वंदन कर सेनानियों के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया गया। ’10 मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम’ कार्यक्रम के अंतर्गत महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व देश के प्रथम म्यूनिस्पल अध्यक्ष, पूर्व शिक्षा मंत्री, केयर टेकर मुख्यमंत्री, गवर्नर व वायसराय की कार्यकारिणी परिषद के मेम्बर श्रद्धेय स्व. ई. राघवेंद्र राव (बैरिस्टर), पूर्व विधायक व राष्ट्रीय ध्वजारोहण सत्याग्रही पं. मुरलीधर मिश्र, भारत छोड़ो आंदोलन के सेनानी व नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष स्व. चिंतामन राव ओत्तलवार, कानूनी सलाहकार व भूदान आंदोलन के प्रणेता महान विनोबा भावे के सहयोगी सेनानी स्व. राम चरण साहू एवं महान स्वतंत्रता सेनानी स्व. श्यामानंद वर्मा के व्यक्तित्व व कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

वर्तमान पीढ़ी को सेनानियों के इतिहास से जोड़ना आवश्यक

​कार्यक्रम के संयोजक व पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश वाजपेयी ने इस अवसर पर कहा कि भारत को ‘भारत’ गढ़ने वाले अमर शहीद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान की गाथा वर्तमान पीढ़ी को स्मरण कराने की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि बैठक में उत्तराधिकारी परिवार के सदस्यों को अन्य राज्यों की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी मिलने वाली सुविधाओं और अधिकारों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।

विधायक अमर अग्रवाल के प्रयासों की सराहना, शिलालेख को स्टोन में बदलने की मांग

​संगठन के सदस्यों ने बिलासपुर नगर विधायक अमर अग्रवाल के प्रयासों के प्रति हर्ष व्यक्त किया, जिनके संकल्प से घोषणा पत्र के अनुरूप पुराने बस स्टैंड से शिव टॉकीज रोड पर नवनिर्मित गार्डन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन लेख एवं नाम पट्टिका लगाई जा रही है। इसके साथ ही, सभी उत्तराधिकारियों ने एक स्वर में मांग की कि उद्यान में वर्तमान में उखड़ रही शिलालेख पट्टिका को मजबूत स्टोन (पत्थर) में स्थाई रूप से अंकित किया जाए।

आगामी कार्ययोजना: 4 अगस्त को लगेगा विशाल स्वास्थ्य शिविर

​बैठक में राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण, जनसेवा, वृक्षारोपण और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया। इसी कड़ी में आगामी 4 अगस्त को स्व. ई. राघवेंद्र राव जी की 137वीं जयंती के अवसर पर एक व्यापक कार्ययोजना बनाकर विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। संगठन की अगली मासिक बैठक 5 जुलाई को सेनानी परिवार की डॉ. शकुंतला जितपुरे के निवास पर होगी।

वरिष्ठ जनों की उपस्थिति

​इस वैचारिक संगोष्ठी में संरक्षक बाबा ई. रमेंद्र राव, जिला अध्यक्ष डॉ. शकुंतला जितपुरे, कोषाध्यक्ष इंदर टहलियानी, सचिव सोनम साहू, संरक्षक अशोक रज्जन वर्मा, अनिल तिवारी, पूर्व महापौर वाणी राव, डॉ. उषा किरण वाजपेयी और डॉ. शिवनाथ श्रीवास ने सेनानियों की स्मृति को अक्षुण्ण रखने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।

ये रहे उपस्थित:

श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से रमाकांत शुक्ला, रमेश श्रीवास, के.के. वर्मा, दिव्य प्रकाश दुबे, संतोष पिपलवा, श्रीमती कुमुद वर्मा, श्रीमती किरण शुक्ला, श्रीमती श्वेता पांडेय, आशीष खंडेलवाल, श्याम सुंदर पिपलवा, ध्रुव कुमार भांगे, आर.के. जैन, जया जैन, अरविंद भोंसले, अशोक कुमार तिवारी, सुनीता साहू, श्रवण साहू, शहजाद, राम नारायण पटेल, किशन यादव सहित बड़ी संख्या में सेनानी परिवारों के सदस्य उपस्थित थे।

​कार्यक्रम का सफल संचालन चंद्रप्रकाश वाजपेयी ने किया एवं आभार प्रदर्शन बाबा ई. रमेंद्र राव द्वारा किया गया। जलपान के उपरांत सभा विसर्जित हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related