सीकर मॉडल और कम लागत वाले नवाचार बने आकर्षण का केंद्र | ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 एवं ‘स्वच्छतम पोर्टल’ पर दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण
जयपुर/ सुनील शर्मा
स्वायत्त शासन विभाग के मीटिंग हॉल में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत राज्य स्तरीय कार्यशाला एवं वेबिनार का सफल आयोजन किया गया। मुख्य सचिव द्वारा पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना में आयोजित इस मासिक वेबिनार श्रृंखला का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की समस्त नगरीय निकायों में स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों, नवाचारों एवं सर्वोत्कृष्ट कार्यप्रणालियों (Best Practices) का परस्पर आदान-प्रदान सुनिश्चित करना है, ताकि आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 में राजस्थान के शहरों के प्रदर्शन और रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सके।
स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को मिलेगा नया आयाम
स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक प्रतीक जुईकर ने बताया कि कार्यशाला में स्वच्छता के क्षेत्र में अपनाई जा रही सफल कार्यप्रणालियों को साझा करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने विभिन्न नगरीय निकायों में लागू नवाचारों और प्रभावी मॉडलों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया, जिससे प्रदेशभर में एकरूपता के साथ बेहतर स्वच्छता प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके और स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 की तैयारियों को अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
सीकर मॉडल से मिले प्रभावी एवं किफायती समाधान
कार्यशाला के दौरान सीकर नगर परिषद द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों, नवाचारों तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) के लिए अपनाए गए कम लागत वाले प्रभावी समाधानों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण (Presentation) दिया गया। इस मॉडल के माध्यम से अन्य नगरीय निकायों को स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, अपशिष्ट प्रसंस्करण तथा प्रभावी स्वच्छता प्रबंधन के सफल उपायों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
नियम-2026 एवं ‘स्वच्छतम पोर्टल’ का तकनीकी प्रशिक्षण
मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रतिभागियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के नवीन प्रावधानों से विस्तार से अवगत कराया गया। इसके साथ ही ‘स्वच्छतम पोर्टल’ पर समयबद्ध डेटा अपडेट करने, ऑनलाइन रिपोर्टिंग और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, ताकि सभी नगरीय निकाय स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें।
प्रदेशभर के अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता
इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश की समस्त नगर निगमों, नगर परिषदों एवं नगर पालिकाओं के आयुक्तों, अधिशाषी अधिकारियों, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के नोडल अधिकारियों तथा तकनीकी टीमों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रतिभागियों ने विभिन्न निकायों के अनुभवों और नवाचारों का आदान-प्रदान करते हुए स्वच्छता प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा राजस्थान को स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 में उत्कृष्ट स्थान दिलाने के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया।