“स्टैच्यू ऑफ यूनिटी हमारी अखंडता का प्रतीक है” – केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी
Written By: नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 8, 2025
(हरिप्रसाद शर्मा) किशनगढ़/अजमेर:
गुजरात में भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन के बाद केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने केवड़िया स्थित नर्मदा तट पर बनी विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने लौह पुरुष, ‘भारत रत्न’ सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ प्रशिक्षण शिविर में शामिल सभी कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
चौधरी ने इस ऐतिहासिक स्थल पर कहा कि, “यह प्रतिमा हमारी अखंडता, संकल्प और एकता का जीवंत प्रतीक है। सरदार पटेल का योगदान देश के लिए सदैव प्रेरणास्त्रोत रहेगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न से निर्मित यह स्मारक, राष्ट्रीय एकता के प्रतीक सरदार पटेल के ‘एक भारत’ के स्वप्न को साकार करता है और देश सेवा के संकल्प को और मजबूत करता है।

