Business
सोने-चांदी की कीमतों में बड़ा उलटफेर, खरीदारों के लिए जरूरी खबर
Written By: Vijay Temani
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 2, 2025
नई दिल्ली — शुक्रवार को घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। यह तेजी न सिर्फ स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की बढ़ी हुई मांग की वजह से आई, बल्कि वैश्विक बाजारों में भी कीमती धातुओं के दामों में मजबूती का रुख रहा।
सोने के भाव में भारी उछाल
राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना शुक्रवार को 1,080 रुपये चढ़कर 96,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एक दिन पहले यानी गुरुवार को यह 2,830 रुपये टूटकर 95,720 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था।
वहीं 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 180 रुपये महंगा होकर 96,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी सत्र में 1,930 रुपये गिरकर 96,170 रुपये था।
चांदी ने भी पकड़ी रफ्तार
चांदी की कीमत में भी बड़ा उछाल देखने को मिला। शुक्रवार को यह 1,600 रुपये की बढ़त के साथ 97,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इससे पहले गुरुवार को चांदी की कीमत 2,500 रुपये लुढ़क कर 95,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई थी।
तेजी की वजह क्या है?
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, वैश्विक बाजारों में मजबूती और घरेलू आभूषण विक्रेताओं की मांग में बढ़ोतरी के चलते यह तेजी आई है।
वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 0.71 प्रतिशत या 23.10 डॉलर की तेजी के साथ 3,262.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने बताया कि अमेरिका के व्यापार सौदों को लेकर अनिश्चितता और कमजोर डॉलर ने निवेशकों का ध्यान सुरक्षित निवेश यानी सोने की ओर खींचा है।
2025 में भी सोने से उम्मीदें कायम
कोटक सिक्योरिटीज के मुताबिक कमजोर डॉलर ने सोने की कीमतों को समर्थन दिया है। वहीं, अमेरिका और चीन के बीच व्यापार वार्ता में संभावित सुधारों ने सोने की तेजी को थोड़ी सीमा में रखा है।
आलमंड्ज ग्लोबल के एमडी मनोज कुमार अरोड़ा ने बताया कि 2024 में 30 प्रतिशत का रिटर्न देने के बावजूद 2025 में भी सोने के अच्छे प्रदर्शन की संभावना बनी हुई है।
22 अप्रैल को सोना 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के ऐतिहासिक स्तर को छू चुका है। 2001 से अब तक इसमें 15 प्रतिशत सीएजीआर रिटर्न मिला है, जो मुद्रास्फीति से बेहतर प्रदर्शन दर्शाता है।

