पुष्कर/अजमेर (हरिप्रसाद शर्मा)तीर्थ नगरी पुष्कर के सैन सभागार में अखिल भारतीय मारू जांगड़ा सेन समाज संस्थान की एक महत्वपूर्ण आम सभा और भामाशाह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। फूलचंद सैन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में समाज सुधार को लेकर कई ऐतिहासिक फैसले किए गए। कार्यक्रम में समाज में व्याप्त सामाजिक कुप्रथाओं को जड़ से खत्म करने का संकल्प लेते हुए मौजूद सभी समाज बंधुओं ने एक स्वर में कई बड़े प्रतिबंधों पर अपनी मुहर लगाई।
कुप्रथाओं पर चोट: दहेज, मृत्युभोज और आटा-साटा पर पूर्ण प्रतिबंध
बैठक के दौरान अध्यक्ष फूलचंद सैन के विशेष आग्रह और प्रेरणा पर समाज में सुधार के लिए गंभीर मंथन हुआ। इसके बाद समाज में सदियों से चली आ रही दहेज प्रथा, मृत्युभोज, खर्चीली पहरावणी और आटा-साटा प्रथा पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। सभा में उपस्थित समस्त समाज बंधुओं ने मेज थपथपाकर और ध्वनि मत से इस सुधारवादी प्रस्ताव को पारित किया। समाज के प्रबुद्ध जनों ने कहा कि इन कुप्रथाओं के बंद होने से समाज के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
आय-व्यय का लेखा-जोखा और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत
आम सभा की शुरुआत में संस्थान के कोषाध्यक्ष द्वारा समाज का वार्षिक आय-व्यय (बजट) का पूरा लेखा-जोखा सदन के सामने प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके साथ ही, संस्थान के सचिव ने गत बैठक में लिए गए निर्णयों की क्रियान्विति और अब तक हुए विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट पढ़कर सुनाई।
सैन मंदिर के विकास के लिए भामाशाहों ने खोला तिजोरी का द्वार
सम्मान समारोह में पहुंचे भामाशाहों और समाजसेवी दिग्गजों ने समाज के विकास में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
- मंगरा क्षेत्र से पहुंचे समाजसेवी व पूर्व सरपंच श्रवण सैन (गोहाना): उन्होंने अपने पूरे कार्यकर्ताओं के साथ शिरकत की और समाज को आश्वस्त किया कि पुष्कर स्थित सैन मंदिर के भव्य विकास और विस्तार कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
- अंराई क्षेत्र के अध्यक्ष अमर चंद सैन: उन्होंने भी अपनी पूरी टीम के साथ कार्यक्रम में शिरकत की और संस्थान के हर सामाजिक व रचनात्मक कार्यों में भरपूर आर्थिक और व्यावहारिक सहयोग देने का संकल्प दोहराया। संस्थान की ओर से सभी भामाशाहों का माला और साफा पहनाकर भव्य बहुमान किया गया।
इन प्रमुख समाज बंधुओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस वृहद आम सभा और सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों समाज बंधु साक्षी बने। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामस्वरूप सैन, प्रकाश सैन, मनीष सैन, आशीष सेन, बालमुकंद सेन, हनुमान सेन, नोरतमल सैन, पन्नालाल सेन, सूरजमल सेन, रमेश सैन, जीतमल सैन, महावीर सेन, ओम प्रकाश सैन सहित भारी संख्या में मातृशक्ति और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समाज के युवाओं ने इस सुधारवादी कदम की जमकर सराहना की।