सैनाचार्य अचलानन्द गिरी आज पुष्कर पधारेंगे
प्रत्येक दिन होंगे प्रवचन, एकादशी पर होगा तुलसी विवाह कार्यक्रम
पुष्कर/अजमेर, संवाददाता हरिप्रसाद शर्मा।
अखिल भारतीय सैन समाज एवं सैन भक्ति पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी अचलानन्दाचार्य महाराज शुक्रवार को पुष्कर पधारेंगे। उनके आगमन से नगर में श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह का वातावरण बन गया है।
सैन भक्ति पीठ के प्रवक्ता हरिप्रसाद पाराशर ने जानकारी दी कि स्वामी अचलानन्दाचार्य महाराज जोधपुर से प्रस्थान कर अपराह्न में संन्यास आश्रम के सामने स्थित सैन भक्ति पीठ में पहुंचेंगे। वे पूरे कार्तिक मास के पश्चात भी पुष्कर में ही प्रवास करेंगे।
पाराशर ने बताया कि महाराज के सान्निध्य में प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल प्रवचन होंगे। इसके साथ ही हवन, आरती और भजन संध्या का आयोजन भी प्रतिदिन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए यह अवसर अध्यात्म और भक्ति से जुड़ने का महत्वपूर्ण समय रहेगा।
सैन भक्ति पीठ में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्तिक एकादशी को तुलसी विवाह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर महाप्रसादी का भी आयोजन रहेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण भाग लेंगे।
पाराशर ने बताया कि ब्रह्मचौदस के दिन स्थानीय मंदिरों, मठों और आश्रमों के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले संत-महात्माओं के सान्निध्य में शाही स्नान का आयोजन किया जाएगा। यह शाही स्नान सैन भक्ति पीठ से पवित्र पुष्कर सरोवर तक निकलेगा।
इस आयोजन में सभी धर्मों के श्रद्धालु भी सम्मिलित होकर एकता और समरसता का संदेश देंगे। पुष्कर नगर में सैन समाज के श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह है, और सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।