सुसमा अभियान समापन पर करौली प्रथम, उपमुख्यमंत्री ने किया सम्मान
नरेश गुनानी।टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 15 सितम्बर। एआईसीटीई केंद्र, झालाना, जयपुर में सोमवार को सुरक्षित सड़क मार्ग अभियान का समापन एवं अभियंता दिवस समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि आमजन भी यातायात नियमों के पालन में सहयोगी बनें। उन्होंने अपील की कि लोग बिना हेलमेट चलने वालों को देखकर उन्हें टोके और हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि यह केवल चालान की बात नहीं है बल्कि जीवन की सुरक्षा का सवाल है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन को जागरूक करने का यह अभियान सराहनीय है और इसे जन अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियंता सप्ताह में कम से कम दो दिन सड़कों का निरीक्षण करें और निर्माणाधीन व निर्मित सड़कों की स्थिति पर नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इस अवसर पर उन्होंने सभी अभियंताओं को अभियंता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अभियंता गुण नियंत्रण जसवंत खत्री ने बताया कि 9 अगस्त से 15 सितम्बर तक चले अभियान के दौरान प्रदेश के 1097 स्कूल-कॉलेजों के 4 लाख 18 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इसमें करौली जिले ने सर्वाधिक 112 संस्थानों के 41,031 छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण देकर पहला स्थान प्राप्त किया।
करौली जिले की मास्टर ट्रेनर कविता मीणा, रेणु मीणा और अधिशासी अभियंता हरिनारायण मीणा को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और राज्य मंत्री मंजू बाघमार ने स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा सीकर, डूंगरपुर, झुंझुनू और जयपुर के अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। अभियान की नोडल अधिकारी शिल्पा श्रीमाल और सक्रिय भूमिका निभाने वाले विभाग के दो वाहन चालकों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, मुख्य अभियंता टीसी गुप्ता सहित विभाग के अधिकारी, महिला मास्टर ट्रेनर और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।