सुचेतना महिला समिति ने गरीब छात्रों को दी मदद
सहायता राशि और शैक्षणिक सामग्री का किया वितरण
घरघोड़ा, 11 सितम्बर। गणपत चौहान, ब्यूरो चीफ़ छत्तीसगढ़, टेलीग्राफ टाइम्स।
एसईसीएल की श्रद्धा महिला मंडल बिलासपुर की अध्यक्षा शशि दुहन एवं उपाध्यक्षाओं के मार्गदर्शन में सामाजिक कल्याण हेतु कार्यरत सुचेतना महिला समिति रायगढ़ ने मंगलवार को घरघोड़ा तहसील अंतर्गत टेरम स्थित शासकीय हाई स्कूल (हिंदी माध्यम) के जरूरतमंद छात्रों को सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व समिति की अध्यक्षा पवन सिंह ने किया। इस दौरान गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले कक्षा 9वीं के 6 छात्रों को स्कूल फीस तथा कक्षा 10वीं के 6 छात्रों को बोर्ड परीक्षा फॉर्म भरने के लिए धनराशि दी गई। इसके अलावा विद्यालय के 12 छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, कॉपी और पेन तथा कुल 66 छात्रों को फूड पैकेट प्रदान किए गए।
समिति ने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाने का एक प्रयास है।
इस अवसर पर सुचेतना महिला समिति रायगढ़ की अध्यक्षा पवन सिंह के साथ सभी सदस्याएं उपस्थित रहीं और उन्होंने बच्चों को शुभकामनाएँ दीं।
सुचेतना महिला समिति का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए न केवल सहारा है, बल्कि शिक्षा की राह में उन्हें प्रोत्साहित करने वाला कदम भी है।