सुगम आवागमन और उत्कृष्ट संपर्क पर उपमुख्यमंत्री का जोर
परिवहन और रोडवेज अधिकारियों की बैठक में डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने दिए निर्देश
नरेश गुनानी
जयपुर, 29 सितम्बर 2025।
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि विकसित राजस्थान की अवधारणा को साकार करने के लिए सुगम आवागमन, उत्कृष्ट संपर्क और सुरक्षित यातायात अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने परिवहन और रोडवेज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि प्रदेश में परिवहन सेवाएं और अधिक प्रभावी और सुचारू बन सकें।

सोमवार को शासन सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में आयोजित बैठक में उपमुख्यमंत्री ने विभागीय योजनाओं और परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सड़क नेटवर्क का विस्तार, सार्वजनिक परिवहन की गुणवत्ता और यातायात प्रबंधन विकसित राजस्थान की दिशा में महत्वपूर्ण आधार हैं।
ब्लैक स्पॉट्स पर कार्रवाई की समीक्षा
डॉ. बैरवा ने पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रगति की जानकारी ली और चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर किए गए सुधारात्मक कार्यों का विस्तृत ब्यौरा मांगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ब्लैक स्पॉट्स पर किए गए कार्यों के वास्तविक परिणामों का आंकलन कर अगली रणनीति तैयार की जाए।
यात्रियों की सुविधा और समयबद्ध लक्ष्य
बैठक में परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने, रोडवेज बसों की उपलब्धता, यात्री सुविधाओं और टिकटिंग प्रणाली को आधुनिक बनाने पर विशेष चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों को निर्बाध और सुरक्षित यात्रा अनुभव देने के लिए सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. बैरवा ने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क और प्रभावी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था ही विकसित राजस्थान के सपने को साकार कर सकती है। उन्होंने सभी अधिकारियों से समन्वित प्रयास करने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया।