सीवरेज कार्य में लापरवाही के खिलाफ भाजपा पार्षद की पदयात्रा, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
Edited By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 02,2025
रिपोर्ट/ हरिप्रसाद शर्मा, अजमेर । नगर निगम के वार्ड 41 में सीवरेज कार्य में हो रही लापरवाही और इससे आमजन को हो रही भारी परेशानियों के विरोध में बुधवार को भाजपा पार्षद नीतू मिश्रा और उनके पार्षद पति रंजन शर्मा ने छह किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली। पदयात्रा कलेक्टरेट तक निकाली गई, जहां उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और सीवरेज कार्य में तेजी लाने, सड़कों की मरम्मत और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
डेढ़ साल से अधूरा पड़ा कार्य, जनता बेहाल
पार्षद नीतू मिश्रा ने बताया कि वार्ड 41 में पिछले करीब डेढ़ वर्षों से सीवरेज कार्य अधूरा पड़ा है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे कीचड़, मलबा और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस बदहाल स्थिति के कारण कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन अब तक उदासीन बना हुआ है।

प्रशासन की अनदेखी पर जताया रोष
नीतू मिश्रा ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को शिकायतें कीं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आमजन को साथ लेकर एक बड़ी जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश भी हो रहे नजरअंदाज
पार्षद पति रंजन शर्मा ने कहा कि स्वयं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मानसून से पहले सभी मुख्य मार्गों की मरम्मत और साफ-सफाई के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद अधिकारी निष्क्रिय बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि न केवल वार्ड 41, बल्कि पूरा अजमेर शहर सीवरेज कार्य की धीमी गति और अव्यवस्था से परेशान है। कई जरूरी विकास कार्य भी ठप पड़े हैं।
प्रशासन को चेताने की कोशिश
इस सांकेतिक पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। कलेक्टरेट पहुंचकर पार्षद दंपती ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, जिसमें निम्नलिखित प्रमुख मांगें की गईं:
- सीवरेज कार्य को जल्द पूरा किया जाए
- क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करवाई जाए
- गली-मोहल्लों में हो रहे जलभराव की समस्या का समाधान किया जाए
- मानसून से पहले सफाई कार्य युद्धस्तर पर किया जाए
पार्षदों ने प्रशासन से अपील की कि आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संघर्ष और तेज किया जाएगा।

