सीमा पर आईएसआई का नया जासूस गिरफ्तार
गौरव कोचर
जयपुर, 26 सितम्बर।
राजस्थान की खुफिया एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। राज्य की सीआईडी इंटेलिजेंस टीम ने जैसलमेर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र से हनीफ खान (47) पुत्र मीर खान, निवासी बासनपीर (जुनी थाना सदर, हाल बाहल थाना पीटीएम मोहनगढ़) को दबोचा।
सीआईडी (सुरक्षा) के महानिरीक्षक डॉ. विष्णुकांत ने बताया कि टीम को लंबे समय से हनीफ की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। जांच में खुलासा हुआ कि हनीफ सोशल मीडिया के जरिये सीधे आईएसआई हैंडलर्स से जुड़ा था और भारतीय सेना की गोपनीय सूचनाएं उन्हें भेज रहा था।
सैन्य मूवमेंट की सूचनाएं साझा करता था
हनीफ खान भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बहला गांव का रहने वाला है, जिससे उसका सीमावर्ती क्षेत्रों जैसे मोहनगढ़, घड़साना और अन्य संवेदनशील इलाकों में आना-जाना आसान था। पूछताछ में सामने आया कि वह महत्वपूर्ण सैन्य संस्थानों और सेना के मूवमेंट की जानकारी जुटाकर आईएसआई तक पहुंचा रहा था।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उसने हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी गोपनीय जानकारियां भी पाकिस्तान भेजी थीं। केंद्रीय पूछताछ केंद्र जयपुर में मोबाइल और तकनीकी जांच के दौरान यह प्रमाणित हुआ कि हनीफ पैसों के लालच में लगातार सेना की सामरिक जानकारी साझा कर रहा था।
चौथी बड़ी गिरफ्तारी
सीआईडी इंटेलिजेंस ने इस गंभीर मामले में राजकीय गुप्त बात अधिनियम 1923 के तहत मामला दर्ज कर 25 सितम्बर को हनीफ खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ के लिए उसे जयपुर लाया गया है, जहां विभिन्न खुफिया एजेंसियां उससे जानकारी जुटा रही हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में जैसलमेर से जासूसी के आरोप में यह चौथी गिरफ्तारी है, जो सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय पाकिस्तानी खुफिया नेटवर्क की गंभीरता को दर्शाता है।
पुलिस और खुफिया विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस या हेल्पलाइन पर साझा करें, ताकि देश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

