सीमा के सजग प्रहरी बीएसएफ जवान राष्ट्र का गौरव: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री ने अनूपगढ़ में बॉर्डर आउटपोस्ट और सैन्य हथियारों की प्रदर्शनी का किया अवलोकन

  • डबल इंजन सरकार बीएसएफ जवानों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध
  • सीमा सुरक्षा बल ने पर्यावरण संरक्षण और सीमावर्ती विकास में भी निभाई अहम भूमिका

जयपुर/अनूपगढ़/ नरेश गुनानी 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरहद पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान राष्ट्र की सुरक्षा के सजग प्रहरी और देश का गौरव हैं। सरहद पर तैनात प्रत्येक जवान का उच्च मनोबल देशभक्ति और अदम्य शक्ति का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ अर्द्धसैनिक बलों को नवीनतम तकनीक और अत्याधुनिक संसाधनों से निरंतर सुसज्जित किया जा रहा है।

​मुख्यमंत्री शुक्रवार को अनूपगढ़ के 2 बीएनएम स्थित बीएसएफ चौकी पहुंचे, जहाँ उन्होंने बॉर्डर आउटपोस्ट एवं सैन्य हथियारों की प्रदर्शनी का गहनता से अवलोकन किया।

‘जीवन पर्यन्त कर्तव्य’ के ध्येय वाक्य को चरितार्थ कर रहा बीएसएफ

​जवानों से सीधा संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीएसएफ ‘जीवन पर्यन्त कर्तव्य’ के अपने ध्येय वाक्य को सार्थक करते हुए त्याग, शौर्य, साहस और समर्पण के साथ देश की सुरक्षा और संप्रभुता को मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने स्मरण कराया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी बीएसएफ के जवानों ने भारतीय सेना के कंधे से कंधा मिलाकर अदम्य पराक्रम का परिचय दिया था। सीमा सुरक्षा के साथ-साथ यह बल देश की आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी अभियानों तथा प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी अग्रिम पंक्ति में रहकर सेवा दे रहा है।

नारकोटिक्स और तस्करी पर कड़ा प्रहार

​मुख्यमंत्री ने बताया कि बीएसएफ घुसपैठ, हथियारों व विस्फोटकों की तस्करी तथा मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में लगातार सफलता हासिल कर रहा है। इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करते हुए इस वर्ष 30 जून तक लगभग 22,867 करोड़ रुपये मूल्य के नारकोटिक्स जब्त किए गए हैं।

सीमावर्ती बुनियादी ढांचे और विकास को मिला बढ़ावा

​राज्य सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा:

  • ​राज्य की डबल इंजन सरकार जवानों और उनके परिजनों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
  • ​सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क, संचार नेटवर्क और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया गया है।
  • ​बेहतर कनेक्टिविटी से एक ओर जहाँ सुरक्षा तंत्र मजबूत हुआ है, वहीं सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिली है।

पर्यावरण प्रहरी के रूप में भी बनाई पहचान

​मुख्यमंत्री ने जवानों द्वारा मरु क्षेत्र में लाखों पौधे लगाने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि बीएसएफ ने पर्यावरण प्रहरी की भूमिका को भी पूरी निष्ठा से निभाया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर राज्य में ‘मिशन हरियालो राजस्थान’ के तहत 5 वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके अंतर्गत अब तक 24 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं।

विकसित भारत के संकल्प में जवानों का अहम योगदान: अर्जुन राम मेघवाल

​कार्यक्रम में उपस्थित केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में बीएसएफ जवानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों की समस्याओं के निराकरण के लिए तत्पर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई ‘वाइब्रेंट विलेज’ योजना के जरिए सीमावर्ती गांवों में पानी, बिजली, आवास जैसी मूलभूत जरूरतों के समाधान हेतु समग्र कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जा रहा है।

महिला जवानों ने बांधा रक्षासूत्र, मुख्यमंत्री ने किया पौधारोपण

​समारोह से पूर्व मुख्यमंत्री ने 23वीं वाहिनी बीएसएफ परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर बीएसएफ की महिला जवानों ने मुख्यमंत्री को रक्षासूत्र बांधा।

​कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, बीएसएफ महानिरीक्षक डॉ. विकास पाठक सहित बीएसएफ के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

जयपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 22 साल पुराने मामले में फरार स्थाई वारंटी मोहम्मद आसिफ गिरफ्तार

जयपुर/ गौरव कोचर/पुलिस थाना विद्याधर नगर ने स्थाई वारंटियों...