जयपुर/गौरव कोचर/‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में सफलता हासिल की है। ब्यूरो की टीमों ने लगभग 979 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा और मैक्सिको से अंतर्राष्ट्रीय पार्सल के जरिए भेजा गया 07.71 ग्राम एलएसडी (500 ब्लॉट्स) बरामद किया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया है।
कार्रवाई 1: जंगल में लावारिस बोलेरो पिकअप से 48 बोरों में मिला डोडा चूरा
गुप्त सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश से मारवाड़ इलाके की ओर एक बोलेरो पिकअप वाहन में भारी मात्रा में डोडा चूरा ले जाया जाने वाला है।
- निगरानी और तलाशी: सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सीबीएन चित्तौड़गढ़ सेल के अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित कर 18 जुलाई 2026 की देर रात रवाना की गई। टीम ने राजस्थान-मध्य प्रदेश सीमा के पास सिंगोली–डिकेन मार्ग पर कई घंटों तक कड़ा पहरा दिया।
- बरामदगी: लगभग 5–6 घंटे इंतजार के बाद वाहन के न पहुंचने पर टीम ने आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान मध्य प्रदेश के नीमच जिले की जावद तहसील अंतर्गत डिकेन गाँव के पास जंगल में झाड़ियों के बीच कच्चे रास्ते पर एक बोलेरो पिकअप लावारिस अवस्था में खड़ी मिली।
- जब्ती: गाड़ी की गहन तलाशी लेने पर उसमें से 48 बोरों में भरा कुल 978.820 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। वाहन के मालिक/चालक की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए डोडा चूरा और वाहन को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई 2: एफपीओ जयपुर में मैक्सिको के पार्सल से 500 एलएसडी ब्लॉट्स जब्त
एक अन्य मामले में सीबीएन जयपुर को एफपीओ (फॉरेन पोस्ट ऑफिस) कस्टम्स जयपुर में आए एक संदिग्ध अंतर्राष्ट्रीय पार्सल के संबंध में विशिष्ट सूचना मिली थी।
- कार्रवाई: 18 जुलाई 2026 को सीबीएन जयपुर की टीम ने एफपीओ परिसर पहुंचकर मैक्सिको से आए उक्त पार्सल की गहन जांच की।
- बरामदगी: जांच के दौरान पार्सल से 5 एलएसडी ब्लॉटर शीट बरामद हुईं, जिनमें कुल 500 एलएसडी ब्लॉट्स (वजन 07.71 ग्राम) मौजूद थे।
- कानूनी कार्रवाई: बरामद मादक पदार्थ को एनडीपीएस कानून के तहत जब्त कर लिया गया है तथा इस अंतर्राष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के स्रोत की जांच की जा रही है।
नशा तस्करों के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत विभाग की नीति ज़ीरो टॉलरेंस की है। ब्यूरो का मुख्य उद्देश्य केवल जब्ती तक सीमित न रहकर अवैध तस्करी नेटवर्क और ड्रग कार्टेल्स को पूरी तरह से नष्ट करना है। मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
आमजन से अपील: पहचान रहेगी पूर्णतः गोपनीय
सीबीएन राजस्थान यूनिट ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों को रोकने में जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। नशीले पदार्थों या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी निम्नलिखित माध्यमों से गोपनीय रूप से दी जा सकती है:
- कंट्रोल रूम हेल्पलाइन: 0744-2438928
- व्हाट्सएप (WhatsApp): 8764748232
- ईमेल: dnc-kota@cbn.nic.in