सीएम भगवंत मान की पीएम मोदी पर टिप्पणी पर मचा सियासी घमासान, बीजेपी और विदेश मंत्रालय ने जताई नाराज़गी
रिपोर्ट: टेलीग्राफ़ टाइम्स ब्यूरो नई दिल्ली Edited By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 11,2025
नई दिल्ली/चंडीगढ़, 11 जुलाई 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तंज भरी टिप्पणी पर सियासी घमासान मच गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विदेश मंत्रालय दोनों ने मान की टिप्पणी को गैर-जिम्मेदाराना और पद की गरिमा के खिलाफ बताया है।
सीएम भगवंत मान का व्यंग्य:
गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भगवंत मान ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं पर तंज कसते हुए कहा था,
“वो (पीएम मोदी) पता नहीं कौन-कौन से देश जा रहे हैं। जहां 140 करोड़ लोग रह रहे हैं, वहां आप रह नहीं रहे हो। जिस देश में जा रहे हैं, उनकी आबादी 10 हज़ार है और वहां का सबसे बड़ा अवॉर्ड मिल गया। 10 हज़ार लोग तो जेसीबी देखने के लिए यहां खड़े हो जाते हैं।”
मान की इस टिप्पणी को लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ बताया है।
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल का पलटवार:
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा,
“भगवंत मान एक कॉमेडियन हैं। मुझे दुख है कि वह आज तक कॉमेडियन की भूमिका ही निभा रहे हैं, मुख्यमंत्री की नहीं। उन्हें समझना चाहिए कि अब वह मुख्यमंत्री हैं, न कि स्टेज पर जोक सुनाने वाले कलाकार।”
खंडेलवाल ने भगवंत मान पर गंभीर मुद्दों को मजाक में बदलने का आरोप लगाया और कहा कि देश की विदेश नीति का मज़ाक उड़ाना निंदनीय है।
विदेश मंत्रालय ने जताई आपत्ति:
सीएम मान की टिप्पणी पर विदेश मंत्रालय ने भी प्रतिक्रिया दी है। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा,
“हमने एक उच्च सरकारी पदाधिकारी की तरफ़ से भारत के ग्लोबल साउथ के मित्र देशों के साथ संबंधों को लेकर की गई कुछ टिप्पणियां देखी हैं। ये टिप्पणियां गैर-जिम्मेदाराना और खेदजनक हैं और उस पद की गरिमा के अनुरूप नहीं हैं। भारत सरकार ऐसी अनुचित टिप्पणियों से ख़ुद को अलग करती है, जो भारत और उसके मित्र देशों के रिश्तों को कमज़ोर करती हैं।”
हालांकि विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन संदर्भ स्पष्ट रूप से भगवंत मान के बयान की ओर इशारा करता है।
राजनीतिक हलकों में हलचल:
इस बयान के बाद सियासी गलियारों में बहस तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने अभी तक इस पर प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन भाजपा इसे लेकर हमलावर रुख अपनाए हुए है।
प्रधानमंत्री की विदेश यात्राएं हमेशा से राजनीतिक बहस का विषय रही हैं, लेकिन इस बार पंजाब के मुख्यमंत्री की टिप्पणी ने विवाद को और गहरा कर दिया है। अब देखना होगा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है और क्या भगवंत मान अपने बयान पर सफाई देते हैं या नहीं।
