नरेश गुनानी
जयपुर, 5 मई। राजस्थान में सीएनजी और पीएनजी नेटवर्क के विस्तार को गति देने के लिए अब उन संस्थाओं के अनुभवों का लाभ लिया जाएगा, जिन्होंने अन्य राज्यों में इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोड़ा ने मंगलवार को राजस्थान स्टेट गैस के संचालक मंडल की बैठक में इसके निर्देश दिए।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सीएनजी-पीएनजी सेवाओं को आम जनता तक तेजी से पहुंचाने की आवश्यकता है। इसके लिए जल्द ही बेंगलुरु में सक्रिय ‘गेल गैस सीजीडी’ के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा, जो अपने सफल अनुभवों और कार्यप्रणाली पर प्रेजेंटेशन देंगे।
इस वर्ष खुलेंगे 60 नए सीएनजी स्टेशन
बैठक के दौरान अपर्णा अरोड़ा ने लक्ष्य निर्धारित करते हुए बताया कि इस वित्तीय वर्ष में प्रदेश में 60 नए सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ठोस कार्ययोजना और समयसीमा (टाइमलाइन) तैयार करें।
बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर
राजस्थान स्टेट गैस के प्रबंध निदेशक विनय पाटनी ने बैठक में आश्वस्त किया कि सीएनजी स्टेशनों की स्थापना का कार्य निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु के सफल मॉडल के अनुभवों को जयपुर में साझा करने से स्थानीय स्तर पर आ रही चुनौतियों को दूर करने और नेटवर्क विस्तार में मदद मिलेगी।
बैठक में संचालक मंडल के सदस्य और गेल गैस के प्रतिनिधि संजय सिंह ने भी महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। इस अवसर पर सीएस विनिता सोनी और उपप्रबंधक गगनदीप राजोरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।