जयपुर/ गौरव कोचर/जयपुर पश्चिम जिले के थाना सिंधीकैम्प पुलिस ने रक्षाबंधन पर्व पर बस स्टैंड पर भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिला का मंगलसूत्र चोरी करने के मामले का चंद घंटों में पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर चोरी गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया है।
भीड़ का फायदा उठाकर काटा था मंगलसूत्र
27 अगस्त 2026 को पीड़िता ललिता मेहरा का मंगलसूत्र सिंधीकैम्प बस स्टैंड पर चोरी हो गया था। पीड़िता की रिपोर्ट पर सिंधीकैम्प थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता एवं सहायक पुलिस आयुक्त (सदर) दरजाराम के सुपरविजन में थानाधिकारी वन्दना नरूला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र और आसूचना संकलन के आधार पर तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला भतेरी पत्नी अर्जुनलाल (उम्र 55 वर्ष, जाति बावरिया, निवासी ढाणी राम तलाई, गांव चुरेना, थाना पचेरी कलां, जिला झुंझुनूं) को गिरफ्तार किया और चुराया गया मंगलसूत्र बरामद किया। पुलिस आरोपी महिला से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम: वन्दना नरूला (थानाधिकारी), प्रहलाद सिंह (एएसआई), सतवीर (कानि 9391), श्रवण कुमार (कानि 11866), भागीरथ (कानि 7819), सुनिता (महिला कानि 7945) और सरिता (महिला कानि 10604)।
इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल सतवीर (9391) की विशेष भूमिका रही।