साहू युवा महासंगठन ने मनाया प्रतिभा दीपावली स्नेह मिलन समारोह, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
लोकेंद्र सिंह शेखावत •
जयपुर, 27 अक्टूबर। साहू युवा महासंगठन समिति की ओर से जनता कॉलोनी स्थित तैलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में रविवार को “प्रतिभा दीपावली स्नेह मिलन समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और दीपावली के उपलक्ष्य में समाजबंधुओं ने एकता और उत्साह का परिचय दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल ने मंच पर विद्यार्थियों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज के युवाओं और विद्यार्थियों की उपलब्धियां समाज की ताकत हैं, जिन्हें प्रोत्साहित करना सभी की जिम्मेदारी है।
साहू युवा महासंगठन समिति के संरक्षक राजेन्द्र मोदी ने बताया कि समारोह में समाजबंधुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीत-संगीत और सामूहिक भोज ने सभी का मन मोह लिया।
समिति अध्यक्ष दिलीप बालोदिया ने बताया कि दीपावली स्नेह मिलन का उद्देश्य समाज में भाईचारा, एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और बुजुर्गों के अनुभव के मेल से समाज नई ऊँचाइयाँ हासिल करेगा।
समारोह में समिति की कार्यकारिणी टीम ने पूरे जोश और विश्वास के साथ गणमान्य अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। उपस्थित लोगों ने संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेरणा, संवाद और सकारात्मकता का माहौल बनाते हैं।
कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया तथा स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद उठाया। समारोह के अंत में दीप प्रज्वलन और सामूहिक मंगलकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।