सावन के झूले महोत्सव का सातवाँ दिन : रंग-बिरंगी झांकियों ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान
By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 02,2025
(हरिप्रसाद शर्मा) पुष्कर/अजमेर। तीर्थ नगरी पुष्कर स्थित नए रंगजी मंदिर में चल रहे पारंपरिक सावन के झूले महोत्सव का आज सातवाँ दिन उत्साह और भक्ति के रंग में डूबा रहा। मंदिर परिसर को इस अवसर पर विभिन्न रंग-बिरंगी झांकियों, फूलों और विद्युत सजावट से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
श्रावण मास में आयोजित होने वाला यह पंद्रह दिवसीय झूला महोत्सव प्रतिवर्ष छोटी तीज से बड़ी तीज तक चलता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन मास भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के मिलन का प्रतीक माना जाता है और इसी भाव के साथ झूला महोत्सव का आयोजन किया जाता है।
दिनभर मंदिर में भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनियों और घंटियों की गूंज वातावरण को भक्तिमय बनाए रखी। दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए श्रद्धालु परिवार सहित भगवान श्रीरंगजी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने सजाए गए झूलों और झांकियों का आनंद लिया।
मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार, आगामी दिनों में भी विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम और भव्य झांकी सजावट के साथ महोत्सव का आकर्षण और बढ़ेगा। बड़ी तीज के दिन इस धार्मिक आयोजन का समापन भव्य शोभायात्रा के साथ किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।