विकास और आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री ने विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतु समुदायों से की विस्तृत वार्ता
06 दिसम्बर 2025, जयपुर
| नरेश गुनानी
राज्य सरकार ने विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतु समुदायों से जुड़ी समस्याओं और मांगों के समाधान के प्रति अपनी गंभीरता दर्शाते हुए शुक्रवार को अंबेडकर भवन में प्रदेशभर से आए समुदायों के प्रतिनिधियों से पांच घंटे तक विस्तृत बातचीत की। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत और पंचायती राज, ग्रामीण विकास तथा आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने समुदायों से संबंधित सभी मुद्दों को सक्षम स्तर तक पहुंचाने और विधिसम्मत ढंग से समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं पर विमर्श किया गया तथा समुदायों को समाज की मुख्यधारा में सम्मान एवं अधिकार सहित जोड़ने की दिशा में प्रभावी क्रियान्वयन का भरोसा दिया गया। दोनों मंत्रियों ने सभागार में मौजूद प्रत्येक प्रतिनिधि से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की एवं उनकी मांगों पर विस्तृत चर्चा की।
पूर्व में प्रस्तुत 15 प्रमुख मांगों पर संबंधित विभागों द्वारा तथ्यात्मक स्थिति प्रस्तुत की गई। मंत्रियों ने स्पष्ट किया कि नीतिगत निर्णय एक प्रक्रिया आधारित समयबद्ध चरण है, किंतु सरकार समुदायों के विकास एवं उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में राष्ट्रीय पशुपालक संघ एवं डीएनटी संघर्ष समिति के अध्यक्ष लालजी राईका ने वीडियो प्रस्तुति और पॉवरपॉइंट के माध्यम से समुदायों की समस्याएं एवं समाधान प्रस्ताव विस्तार से रखे। इस दौरान घुमंतु, अर्ध घुमंतु एवं विमुक्त जाति परिषद के प्रदेश अध्यक्ष रतननाथ कालबेलिया, राष्ट्रीय पशुपालक संघ के संस्थापक उपाध्यक्ष कपूर राईका, हिंगलाज माता छात्रावास संस्था के प्रतिनिधि भंवर राव, बागरिया समाज की अध्यक्ष गीता बागरिया, नाथ समाज डीएनटी संघर्ष समिति के संयोजक शेरसिंह आजाद, गाड़ियां लोहार प्रणवीर सेना के संगठन महामंत्री शंकर गाड़िया लोहार, राष्ट्रीय पशुपालक संघ के उपाध्यक्ष भीखू सिंह राईका, ऑल इंडिया डीएनटी वेलफेयर संघ राजस्थान के अध्यक्ष ज्ञानसिंह सांसी व संगठन के सचिव सुखराम देवासी ने भी अपने विचार रखते हुए मांगों को मजबूती से उठाया।
चर्चा में रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी ने भी अपनी राय व्यक्त की तथा समुदायों को समर्थन देने की बात कही।
बैठक के दौरान निजी सचिव रोहित कुमार, अतिरिक्त निदेशक रीना शर्मा, अतिरिक्त निदेशक ओमप्रकाश मीणा, अतिरिक्त निदेशक जेपी बैरवा सहित कला एवं संस्कृति, राजस्व तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सरकार ने समुदायों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर आगे बढ़ते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।