साकेतवासी रामकिशोर दास रामायणी महाराज की प्रथम पुण्यतिथि पर भव्य महामहोत्सव 11 अप्रैल से

रिपोर्ट: योगेश शर्मा, जयपुर

​श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर दुलरासर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब; श्रीमद्भागवत कथा और चरण पादुका स्थापना सहित होंगे कई आयोजन

जयपुर/चूरू। चूरू जिले के दुलरासर ग्राम स्थित श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर के संस्थापक, परम श्रद्धेय साकेतवासी रामकिशोर दास रामायणी महाराज की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 11 अप्रैल से भव्य महामहोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। नौ दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।

धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा

मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले इस महामहोत्सव के अंतर्गत 11 अप्रैल से 19 अप्रैल तक विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। मुख्य आकर्षण श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ होगा, जिसमें सुप्रसिद्ध कथा व्यास महंत वैष्णव हरिशंकरदास वेदांति महाराज अपनी ओजस्वी वाणी से भक्तों को कथा रसपान कराएंगे। इसके साथ ही मंदिर में अखंड रामधुन, दिवंगत महाराज श्री की चरण पादुका स्थापना और विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा।

पोस्टर का हुआ विमोचन

इस पुनीत अवसर की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के लिए कार्यक्रम के निमंत्रण पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। पोस्टर विमोचन का कार्यक्रम जयपुर की कृष्णा कॉलोनी (नया खेड़ा) स्थित श्रीमंगलमुखी हनुमान मंदिर आश्रम में संपन्न हुआ, जहाँ आश्रम के महंत रामानंद दास महाराज ने पोस्टर जारी कर आयोजन की सफलता के लिए मंगल कामनाएं दीं।

प्रमुख उपस्थिति एवं व्यवस्थाएं

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) जयपुर महानगर के पूर्व प्रवक्ता मुकुल सिंह साँचोरा ने आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह पूरा महोत्सव महंत आनंद दास महाराज के पावन सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है। 19 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से संत-महापुरुष और भारी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।

​आयोजन समिति ने भक्तों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करें और साकेतवासी महाराज को अपनी भावांजलि अर्पित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related