| गौरव कोचर
जयपुर। जयपुर पुलिस दक्षिण की सांगानेर सदर थाना पुलिस ने राहगीरों के साथ मारपीट और लूटपाट करने वाली एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार मुख्य अभियुक्तों को बापर्दा गिरफ्तार किया है और एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गैंग का संचालन दो सगे भाई मिलकर कर रहे थे।
सिगरेट से दागा और चाकू की नोक पर की लूट
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि 23 दिसंबर 2025 की रात शिकारपुरा निवासी लक्ष्मण सिंह अपने कारखाने से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कार में सवार पांच बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका और जबरन गाड़ी में खींच लिया। बदमाशों ने पीड़ित के गले पर चाकू रखकर डराया-धमकाया और मारपीट की।
हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने क्रूरता दिखाते हुए पीड़ित को सिगरेट से दागा और जबरन उसके ‘फोन-पे’ के पासवर्ड लेकर खाते से पूरी राशि ट्रांसफर कर ली। इतना ही नहीं, बदमाशों ने पीड़ित की पत्नी को वीडियो कॉल करके और पैसों की मांग की। पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहा।
गैंग बनाकर देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी संदीप चौधरी और अरविन्द चौधरी सगे भाई हैं, जिन्होंने लूटपाट के लिए अपनी खुद की एक गैंग बना रखी थी। ये आरोपी कार का उपयोग कर सुनसान रास्तों पर लोगों को अपना निशाना बनाते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई राशि, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर ली है।
तकनीकी टीम की मदद से दबोचे गए बदमाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और एसीपी चाकसू भवानी सिंह शेखावत के निर्देशन में थानाधिकारी अनिल जैमनी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने बैंक खातों की डिटेल और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल लोकेशन के आधार पर दबिश देकर आरोपियों को दस्तयाब किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
- धारासिंह चौधरी (21): निवासी गांव अरनिया नील, टोंक (हाल सीतापुरा, जयपुर)।
- संदीप चौधरी (22): निवासी गांव बालापुरा, टोंक (हाल सीतापुरा, जयपुर)।
- अरविन्द चौधरी उर्फ बिट्टू (19): निवासी गांव बालापुरा, टोंक (हाल सीतापुरा, जयपुर)।
- योगेश चौधरी उर्फ शक्ति (20): निवासी गांव बालापुरा, टोंक (हाल सांगानेर, जयपुर)।
- (इसके अतिरिक्त एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया है।)
पुलिस टीम
राधेश्याम (उप निरी०), प्रेमचन्द (एएसआई), हनुमान चौधरी (कानि०), प्रेम चौधरी (कानि०) एवं सांवलराम (कानि०)।
विशेष भूमिका: इस पूरी कार्रवाई और आरोपियों को पकड़ने में हनुमान चौधरी (कानि०) की विशेष भूमिका रही।