सांगानेर पुलिस की बड़ी सफलता: लिफ्ट देकर अपहरण और लाखों की लूट करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार
| गौरव कोचर
जयपुर। पुलिस आयुक्त जयपुर महानगर सचिन मित्तल के निर्देशानुसार शहर में अपहरण और गंभीर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सांगानेर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने साल 2025 के एक सनसनीखेज अपहरण और फिरौती मामले में वांछित चल रहे आरोपी अजय मरेठा को गिरफ्तार कर लिया है।
लिफ्ट देने के बहाने बनाया बंधक, चाकू की नोक पर वसूली फिरौती
घटना 13 दिसंबर 2025 की है, जब टोंक निवासी पीड़ित सांगानेर के चाकसू बस स्टैंड पर घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। बस नहीं मिलने पर वह एक स्विफ्ट डिजायर कार में बैठ गया, जिसमें पहले से 4 लोग सवार थे।
- चाकू की नोक पर लूट: कार चलने के 10 मिनट बाद ही आरोपियों ने पीड़ित के गले पर चाकू रख दिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए। आरोपियों ने स्मैक खरीदने के लिए 1 लाख रुपये की मांग की।
- एटीएम से निकाले पैसे: सुनसान जगह पर ले जाकर मारपीट की गई और पीड़ित से उसका मोबाइल, 8 हजार नकद और एटीएम कार्ड छीन लिया। जान से मारने की धमकी देकर पिन नंबर हासिल किया और बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में 1,92,000 रुपये निकाल लिए।
- 50 लाख की मांग: आरोपियों ने पीड़ित के परिजनों से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की योजना भी बनाई थी। रात भर शहर के अलग-अलग कोनों में घुमाने के बाद रात 1:30 बजे आरोपी उसे टोंक रोड पर रिंग रोड के पास पटक कर फरार हो गए।
पुलिस की प्रभावी कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व संजीव नैन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के निर्देशन में सांगानेर थानाधिकारी लिखमाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने स्मार्ट पुलिसिंग के जरिए साक्ष्य जुटाए और वांछित आरोपी अजय मरेठा (23 वर्ष) को दबोच लिया। आरोपी टोंक जिले के लाम्बा हरिसिंह का निवासी है और वर्तमान में शिवदासपुरा क्षेत्र में रह रहा था।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में 2 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है। अब पुलिस अजय मरेठा के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और गैंग की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम: लिखमाराम थानाधिकारी, नरेश कुमार सउनि, शंकर लाल कानि और कृष्ण मुरारी कानि।

