सहकार सदस्यता अभियान के अन्तर्गत शिविर का आयोजन, सहकारिता के माध्यम से राजस्थान का हर गांव और जन-जन सशक्त हो रहा – जलदाय मंत्री
06 अक्टूबर 2025 | टोंक, नरेश गुनानी।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में सहकार सदस्यता अभियान का आयोजन 2 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक टोंक जिले में किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य किसानों, युवाओं और महिलाओं को सहकारिता आंदोलन से जोड़कर उन्हें आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। इसी क्रम में सोमवार को उपखण्ड मालपुरा की सिन्धोलिया ग्राम सेवा सहकारी समिति में जिला स्तरीय कैम्प का आयोजन किया गया।
कैम्प में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान के माध्यम से ग्राम सेवा सहकारी समितियों के जरिए किसानों, युवाओं और महिलाओं को सहकारिता से जोड़ा जा रहा है। साथ ही नई समितियों के गठन और सहकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
जलदाय मंत्री ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से राजस्थान का हर गांव और जन-जन सशक्त हो रहा है। राज्य सरकार सहकारिता से जुड़ने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित कर रही है ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। अभियान के तहत डेयरी क्षेत्र में अधिकाधिक नए सदस्य बनाए जा रहे हैं। सहकारिता के क्षेत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के हजारों पैक्स को कम्प्यूटरीकृत किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत केंद्र सरकार किसानों को हर वर्ष 6 हजार रुपये प्रदान करती है, वहीं राज्य सरकार भी मुख्यमंत्री किसान सम्मान योजना के माध्यम से किसानों को अतिरिक्त 3 हजार रुपये प्रतिवर्ष दे रही है।
केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक सी.एल. बुनकर ने बताया कि इस कैम्प में सिन्धोलिया समिति के 183 किसानों को अल्पकालीन फसली ऋण और 15 गोपालकों को गोपाल क्रेडिट कार्ड के तहत कुल 42 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।