सशस्त्र सेना झण्डा दिवस पर मुख्यमंत्री ने किया योगदान, प्रदेशवासियों से सहभागिता की अपील
05 दिसम्बर 2025, जयपुर
| नरेश गुनानी
सशस्त्र सेना झण्डा दिवस (7 दिसम्बर) के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से प्रतीकात्मक झण्डा (बैज) ग्रहण किया। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस अवसर पर उन्होंने सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए ऑनलाइन अंशदान भी किया।
मुख्यमंत्री ने झण्डा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस थल, नौ तथा वायु सेना के वीर सैनिकों के सम्मान में मनाया जाता है। यह दिन उन सैनिकों के बलिदान को याद करने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश की सुरक्षा, अखंडता और एकता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित किया।
उन्होंने कहा कि सैनिकों की देश सेवा, साहस और त्याग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे आगे बढ़कर सैनिकों के कल्याण के लिए उदारतापूर्वक योगदान दें और इस अभियान को सफल बनाएं।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर वीरेन्द्र सिंह राठौड़ तथा मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी भी मौजूद रहे।

