सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर जयपुर में ‘एकता मार्च’ का आयोज
31 अक्टूबर को प्रातः 6 बजे गांधी सर्किल से शुरू होगी पदयात्रा
नरेश गुनानी •
जयपुर, 27 अक्टूबर 2025।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को जयपुर में ‘एकता मार्च’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह पदयात्रा प्रातः 6 बजे गांधी सर्किल से प्रारंभ होकर बिड़ला मंदिर, रामबाग, अंबेडकर सर्किल होते हुए अमर जवान ज्योति तक जाएगी।

युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव डॉ. नीरज कुमार पवन ने बताया कि इस एकता मार्च में विशिष्टजन, शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, एनएसएस, एनसीसी, युवा लीडर, पुलिस, आरएसी, होमगार्ड, विभिन्न कर्मचारी संघ, एनजीओ, राजकीय कार्मिकों सहित बड़ी संख्या में आमजन भाग लेंगे।
डॉ. पवन ने सोमवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सरदार पटेल के राष्ट्र एकीकरण, अखंडता और सेवा भावना के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एकता मार्च में अधिक से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और सभी प्रतिभागियों के लिए आवश्यक सुविधाएं — जैसे पीने का पानी, प्राथमिक उपचार, सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन समन्वय — समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में जिला प्रशासन, सूचना एवं जनसंपर्क, डीओआईटी, पर्यटन, नगर निगम ग्रेटर, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, स्काउट-गाइड, हायर एजुकेशन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।