सरदार पटेल के ‘एक भारत’ को ‘श्रेष्ठ भारत’ बना रही है मोदी सरकार — भागीरथ चौधरी

सरदार पटेल के ‘एक भारत’ को ‘श्रेष्ठ भारत’ बना रही है मोदी सरकार — भागीरथ चौधरी

हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर •

अजमेर, 28 अक्टूबर 2025। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। चौधरी मंगलवार को अजमेर में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 सरदार पटेल की 150वीं जयंती का ऐतिहासिक वर्ष है। यह अवसर उनके अदम्य नेतृत्व, अद्भुत संगठन क्षमता और राष्ट्र-एकीकरण की भावना को स्मरण करने का है। सरदार पटेल ने जिस कुशलता से सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत की अखंडता स्थापित की, आज प्रधानमंत्री मोदी उसी संकल्प को ‘श्रेष्ठ भारत, आत्मनिर्भर भारत’ में बदलने का कार्य कर रहे हैं।


आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रही मोदी सरकार

केंद्रीय मंत्री चौधरी ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा देशभर में “सरदार@150 यूनिटी मार्च – एक भारत, आत्मनिर्भर भारत” शीर्षक से राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। यह आयोजन 6 अक्टूबर से 6 दिसंबर 2025 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, जनभागीदारी और आत्मनिर्भरता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार पटेल के ‘एक भारत’ को ‘श्रेष्ठ भारत’ बनाने की दिशा में अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं — अनुच्छेद 370 की समाप्ति, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, नक्सलवाद और आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार, तथा किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए जनकल्याणकारी योजनाएँ इन सबका प्रतीक हैं।


राष्ट्रीय एकता दिवस पर निकलेगी ‘एकता पदयात्रा’

चौधरी ने बताया कि 31 अक्टूबर, सरदार पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देश के सभी जिलों में ‘एकता पदयात्राएँ’ आयोजित की जाएँगी।
अजमेर जिले में यह पदयात्रा विजय लक्ष्मी गार्डन, मेडिकल कॉलेज सर्किल से प्रारंभ होगी। इसमें बड़ी संख्या में युवा, छात्र, स्वयंसेवी संस्थाएँ, जनप्रतिनिधि और नागरिक समाज भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर स्वच्छता अभियान, स्वदेशी मेला, नशा मुक्ति अभियान, संगोष्ठियाँ, वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ और अन्य जन-जागरण गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएँगी।


करमसद से एकता नगर तक होगी ऐतिहासिक यूनिटी मार्च

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रत्येक जिले से चयनित युवा प्रतिनिधि दल 26 नवम्बर से 6 दिसम्बर 2025 तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय यूनिटी मार्च में शामिल होंगे। यह यात्रा सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (एकता नगर) तक 150 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

यह यात्रा सरदार पटेल के एक भारत के सपने और प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक होगी। चौधरी ने कहा —

“यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि भारत की एकता, स्वाभिमान और विकास की भावना का उत्सव है। हमें मिलकर सरदार पटेल के ‘एक भारत’ को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘श्रेष्ठ भारत’ बनाना है।”


इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष को एकता, संकल्प और राष्ट्रभक्ति के महोत्सव के रूप में मनाएँ और भारत को आत्मनिर्भर बनाने के अभियान में सहभागी बनें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related