सरकार की योजनाओं की जानकारी लक्षित वर्ग तक पहुंचा कर पत्रकार कर रहे हैं समाज सेवा — उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा
गौरव कोचर •
जयपुर, 25 अक्टूबर।
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता समाज का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकार सरकार की योजनाओं की जानकारी लक्षित वर्ग तक पहुंचाने, योजनाओं के क्रियान्वयन में खामियों की पहचान करने और सुधार के सुझाव सरकार तक पहुंचाने के माध्यम से समाज सेवा का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठा रही है।
डॉ. बैरवा शुक्रवार को जयपुर स्थित पिंकसिटी प्रेस क्लब के 34वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को पिंकसिटी प्रेस क्लब की ओर से सम्मानित किया। साथ ही, क्लब के गौरवशाली इतिहास और उपलब्धियों को दर्शाने वाली फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम में सिविल लाइंस विधायक और वरिष्ठ पत्रकार गोपाल शर्मा, पिंकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश मीणा, महासचिव मुकेश चौधरी, महात्मा गांधी मेडिकल विश्वविद्यालय के संस्थापक एम.एल. स्वर्णकार सहित क्लब के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की आत्मा हैं। उनके द्वारा किया गया निस्वार्थ कार्य जनता और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है। उन्होंने पिंकसिटी प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सभी पत्रकारों को संस्था की 34वीं वर्षगांठ पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।