सड़क सुरक्षा अभियान : 1.90 लाख लोग हुए जागरूक, 3700 से अधिक पर सख्त कार्रवाई
नरेश गुनानी •
जयपुर, 10 नवम्बर। राज्य सरकार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा के लिए व्यापक कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में 4 से 18 नवम्बर तक प्रदेशभर में 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है, वहीं उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस विभाग की कार्रवाई
अभियान के तहत पुलिस विभाग ने 4 से 8 नवम्बर के बीच शराब पीकर वाहन चलाने पर 3736, तेज गति से वाहन चलाने पर 21,911, गलत दिशा में चलने पर 15,174, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर 1586, बिना रिफ्लेक्टर 4311, तथा बिना नंबर प्लेट 8585 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।
इस दौरान 1 लाख 90 हजार 67 नागरिकों को यातायात नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने एनएच-48 मॉडल के अनुरूप लेन ड्राइविंग सिस्टम को बढ़ावा देने के लिए प्रचार-प्रसार किया और नियमों की अनदेखी पर तत्काल कार्रवाई की।
परिवहन विभाग की सख्ती
परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने अब तक 8567 वाहनों के चालान किए हैं। इसमें ओवरलोडिंग के 574, मालवाहक वाहनों में यात्रियों के पाए जाने पर 216, अन्य नियमों के उल्लंघन पर 5653 चालान शामिल हैं।
यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक यात्री मिलने पर 106, छत पर सामान रखने पर 21, और अन्य नियम उल्लंघन पर 1033 वाहनों के चालान किए गए।
विभाग ने 206 ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त, 38 रजिस्ट्रेशन रद्द, 400 वाहन सीज, और 22 परमिट रद्द किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की पहल
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 8 व 9 नवम्बर को राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर चलने वाले 2765 ट्रक व बस चालकों की नेत्र जांच की और 387 जरूरतमंद चालकों को चश्मे वितरित किए। अब तक कुल 5044 चालकों की जांच कर 789 चश्मे वितरित किए जा चुके हैं।
विभागों की संयुक्त कार्रवाई
अभियान में सभी विभागों का समन्वित प्रयास जारी है। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने सड़कों के किनारे झाड़ियां हटाने, स्पीड ब्रेकर सुधारने, संकेतक बोर्ड लगाने और अनाधिकृत कट बंद करने जैसे कार्य किए हैं।
नगरीय विकास एवं स्थानीय निकाय विभाग ने फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त किया, रोड लाइट्स दुरुस्त कीं और निराश्रित पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर भेजा।
इस संयुक्त प्रयास से राज्य में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।