संसदीय कार्य मंत्री ने जोधपुर के नांदड़ी में 202.97 लाख रुपये की पेयजल परियोजनाओं का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार का दो वर्ष का कार्यकाल ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण – संसदीय कार्य मंत्री
13 दिसम्बर 2025, 04:53 PM
जयपुर, 13 दिसम्बर।
| नरेश गुनानी
जोधपुर जिले के लूणी विधानसभा क्षेत्र के नांदड़ी में शनिवार को संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने 202.97 लाख रुपये की विभिन्न पेयजल परियोजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राजस्थान सरकार का दो वर्ष का कार्यकाल ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा है।
उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में “विकसित भारत, विकसित राजस्थान” के विजन के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का कार्य किया गया है। सरकार ने आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए हर वर्ग के लिए योजनाएं लागू की हैं।
कृषि और ऊर्जा क्षेत्र में ऐतिहासिक फैसले
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि कृषि और ऊर्जा क्षेत्र में लिए गए अभूतपूर्व निर्णयों के कारण आज प्रदेश का किसान अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जादाता के रूप में भी उभर रहा है। वर्तमान में प्रदेश के 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 9 हजार रुपये कर दी है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
युवाओं को मिला भरोसेमंद रोजगार तंत्र
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय पेपरलीक जैसी घटनाओं के कारण युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हुआ, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक एक भी पेपरलीक नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि दो वर्षों में लगभग 92 हजार सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और सरकार का लक्ष्य पांच वर्षों में चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देना है।
मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सरकार की प्रतिबद्धता है कि जनता को मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि नांदड़ी क्षेत्र अब नगर निगम क्षेत्र में शामिल हो गया है, जिससे यहां सड़क, सीवरेज और पेयजल जैसी सुविधाओं का समुचित और व्यवस्थित विकास सुनिश्चित होगा।
नांदड़ी क्षेत्र में जलापूर्ति के लिए सर्वे के निर्देश
उन्होंने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नांदड़ी क्षेत्र में समुचित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संपूर्ण क्षेत्र का सर्वे कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही, जिन कार्यों का शिलान्यास किया गया है, उन्हें निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
इन कार्यों का हुआ शिलान्यास
- बलराम नगर एवं तिरूपति नगर, नांदड़ी में पुरानी व क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को बदलने का कार्य (लंबाई 2.7 किमी) – 89.70 लाख रुपये
- रमजान जी का हत्था क्षेत्र में पुरानी व क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को बदलने का कार्य (लंबाई 2.7 किमी) – 83.27 लाख रुपये
- रामदेव नगर एवं एकता नगर में नलकूप वैधन एवं कमिशनिंग का कार्य (2 नलकूप) – 30 लाख रुपये
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

