संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने डीआरएम जोधपुर से की मुलाकात; लूणी क्षेत्र में रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण सहित विभिन्न मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा
| नरेश गुनानी
जोधपुर/जयपुर। 02 जनवरी 2026। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने गुरुवार को जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अनुराग त्रिपाठी से शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक के दौरान लूणी विधानसभा क्षेत्र में रेलवे से जुड़ी जनसमस्याओं और बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रमुख मांगें: सतलाना और दूदिया में आरयूबी निर्माण
मुलाकात के दौरान मंत्री जोगाराम पटेल ने क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विशेष रूप से सतलाना में फाटक संख्या 228 और दूदिया में फाटक संख्या 230 पर रेलवे अंडर ब्रिज (RUB) के निर्माण की आवश्यकता जताई।
मंत्री पटेल ने बताया कि इन फाटकों पर रेलवे अंडर ब्रिज बनने से सतलाना, दूदिया और आसपास की बड़ी आबादी को रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी और उनका आवागमन सुगम व सुरक्षित हो सकेगा।
रेलवे की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया
मंत्री की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने आश्वस्त किया कि इन दोनों महत्वपूर्ण आरयूबी प्रकरणों के प्रस्ताव जल्द तैयार कर मुख्यालय को स्वीकृति हेतु भिजवाए जाएंगे।
चर्चा के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि लूणी में फाटक संख्या 223 पर टू-लेन रेलवे अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य भी रेलवे द्वारा प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा।
आमजन की समस्याओं का होगा त्वरित निस्तारण
बैठक के पश्चात जोगाराम पटेल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि लूणी विधानसभा क्षेत्र के निवासियों की रेलवे से जुड़ी विभिन्न परिवेदनाओं के समुचित निस्तारण के लिए यह मुलाकात बेहद सार्थक रही है। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी विषयों पर त्वरित और सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और रेलवे के बीच इस प्रकार के समन्वय से ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से होगा और स्थानीय नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।

