श्री पुष्कर मेला-2025 : विविध सांस्कृतिक, धार्मिक और ग्रामीण कार्यक्रमों के फोल्डर का हुआ विमोचन

श्री पुष्कर मेला-2025 : विविध सांस्कृतिक, धार्मिक और ग्रामीण कार्यक्रमों के फोल्डर का हुआ विमोचन
(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर/पुष्कर)

राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और लोकजीवन का अनोखा संगम बनने जा रहा श्री पुष्कर मेला 2025 इस वर्ष 30 अक्टूबर से आरंभ होकर 5 नवम्बर तक भव्य रूप से आयोजित होगा। मेले के कार्यक्रमों की जानकारी से भरपूर फोल्डर का विमोचन शुक्रवार को जिला कलक्टर लोक बन्धु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश द्वारा किया गया।

इस अवसर पर कलक्टर लोक बन्धु ने बताया कि इस बार का पुष्कर मेला पहले से अधिक आकर्षक और विविधता भरा रहेगा। जिला प्रशासन, पशुपालन विभाग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सांस्कृतिक, खेलकूद, धार्मिक अनुष्ठान और लोककलाओं से जुड़े अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।


🗓️ मेला कार्यक्रमों की प्रमुख झलकियां:

गुरुवार, 30 अक्टूबर — भव्य शुभारंभ

मेला मैदान में सुबह 10 बजे पूजा, ध्वजारोहण और नगाड़ा वादन के साथ मेले का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात स्कूली छात्राओं द्वारा मांडना प्रतियोगिता और समूह नृत्य, तथा “चक दे राजस्थान” फुटबॉल मैच (स्थानीय बनाम विदेशी) खेला जाएगा।
शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर दीपदान व रंगोली, 6.30 बजे महाआरती एवं “पुष्कर की आवाज” में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। रात 7 बजे से हास्य कार्यक्रम और राजस्थानी लोक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

शुक्रवार, 31 अक्टूबर — लोक खेल और ऊंट नृत्य

मेला मैदान में सुबह से ही लंगड़ी टांग, सतोलिया, गिल्ली डंडा जैसे पारंपरिक खेल स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच खेले जाएंगे। इसके साथ ऊष्ट्र श्रृंगार और ऊष्ट्र नृत्य प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
शाम 6.30 बजे “पुष्कर की आवाज” कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के बाद एनजेडसीसी और कुटले खान परियोजना के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

शनिवार, 1 नवम्बर — खेल और संगीत का संगम

सुबह 10 बजे कबड्डी मैच (स्थानीय बनाम विदेशी) और अश्व नृत्य प्रतियोगिता होगी। इसके बाद अंतरपंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद — रस्साकस्सी, वॉलीबॉल और कबड्डी — खेले जाएंगे।
शाम 6.30 बजे “पुष्कर की आवाज” में प्रस्तुतियों के बाद सुरस बैंड और नीरज आर्य का “कबीर कैफे” दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा।

रविवार, 2 नवम्बर — आध्यात्मिकता और लोक संस्कृति का उत्सव

सुबह 9 बजे गुरुद्वारा से मेला मैदान तक आध्यात्मिक पदयात्रा, दोपहर में ग्रामीण खेलकूद और 4 बजे शिल्पग्राम पुष्कर में फूड एंड क्राफ्ट महोत्सव का शुभारंभ होगा।
शाम को पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती और मेला मंच पर “पुष्कर की आवाज” के साथ राजस्थान के श्रेष्ठ कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें पद्मश्री गुलाबो देवी का कालबेलिया नृत्य, भुंगर खान की डेजर्ट सिम्फनी, घूमर, तेरहताली और चकरी नृत्य विशेष आकर्षण रहेंगे।

सोमवार, 3 नवम्बर — पारंपरिक खेल और बॉलीवुड नाइट

सुबह 9 बजे लगान शैली पर आधारित क्रिकेट मैच, साथ ही विदेशियों के लिए पगड़ी बांधना, तिलक और मूंछ प्रतियोगिता होगी।
दोपहर में ग्रामीण खेलों के फाइनल के बाद शाम को पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती और रात में रूप कुमार राठौड़ व सोनाली राठौड़ की बॉलीवुड नाइट मेला मैदान में होगी।

मंगलवार, 4 नवम्बर — महिला प्रतियोगिताएं और कवि सम्मेलन

सुबह से रात तक शिल्पग्राम पुष्कर में फूड एंड क्राफ्ट महोत्सव जारी रहेगा।
सुबह 10.30 बजे महिलाओं के लिए मटका रेस और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता होगी। शाम 6 बजे महाआरती, 6.30 बजे “पुष्कर की आवाज” और रात 9.30 बजे श्रीराम भारतीय कला केंद्र द्वारा रामायण प्रस्तुति एवं कवि सम्मेलन आयोजित होगा।

बुधवार, 5 नवम्बर — समापन समारोह

सुबह 9 बजे से फूड एंड क्राफ्ट महोत्सव और समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम, मटका दौड़, बोरी दौड़, चम्मच दौड़, रस्साकस्सी जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही ऊष्ट्र एवं अश्व प्रदर्शन और शाम को पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती के साथ मेला संपन्न होगा।


इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर गजेन्द्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक कृष्ण कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी प्रद्युम्न सिंह देथा, सुश्री ज्योति ककवानी और पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सुनील घीया सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

श्री पुष्कर मेला 2025 इस बार भी न केवल राजस्थान की लोकसंस्कृति का दर्पण बनेगा, बल्कि देश-विदेश से आने वाले हजारों पर्यटकों को “धरोहर, आध्यात्मिकता और मनोरंजन” का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related