श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव : बच्चों की वेशभूषा, डांस और मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं ने बांधा समां
By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 17,2025
किशनगढ़ बास।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शनिवार रात्रि को सिंधी समाज द्वारा संत कंवरराम हरि मंदिर में आयोजित भव्य जन्मोत्सव समारोह में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पूज्य सिंधी पंचायत की ओर से आयोजित बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताओं ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के मुखी गोकुलदास मृगवानी तथा गणमान्य सदस्यों ने बाल गोपाल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद मंच पर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
सुनील बत्रा ने जानकारी दी

प्रतियोगिताओं में बच्चों का जलवा
- वेशभूषा प्रतियोगिता (1 से 6 वर्ष आयु वर्ग): नन्हे-मुन्नों ने कृष्ण, सुदामा, मीरा, राधा और शिव भोले के रूप धारण कर दर्शकों का दिल जीत लिया। इस प्रतियोगिता में आरव मृगवानी ने प्रथम एवं परिधि खुराना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
- जूनियर वर्ग डांस प्रतियोगिता: धार्मिक गीतों पर प्रस्तुत डांस में काव्या मंघनानी प्रथम और तान्या धिंगाणी द्वितीय रही।
- सीनियर वर्ग डांस प्रतियोगिता: इस वर्ग में मीनल मंघनानी ने प्रथम तथा परी सचदेवा ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
- माखन मटकी फोड़ प्रतियोगिता: परंपरागत मटकी फोड़ में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। इसमें कार्तिक बत्रा ने प्रथम एवं प्रशांत कुमार ने द्वितीय स्थान पाया।
पुरस्कार एवं सम्मान
सभी विजेता प्रतियोगियों को पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। इसके अतिरिक्त लकी ड्रा के माध्यम से पांच दर्शकों को भी विशेष उपहार प्रदान किए गए।
निर्णायक मंडल एवं व्यवस्थाएं
प्रतियोगिताओं का निर्णय डॉ. राजेश पममनी, श्रीमती रुचि हरवानी एवं जागृति अडवानी ने किया। पूरे आयोजन में समाज के वरिष्ठजनों के साथ-साथ सैकड़ों श्रद्धालु एवं सेवाधारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
भजन, झांकी, डांस और मटकी फोड़ की झलकियों से कार्यक्रम स्थल देर रात तक गूंजता रहा और जन्माष्टमी महोत्सव ने एकता, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संदेश दिया।
