श्याम मंदिर चोरी का पर्दाफाश: रायगढ़ पुलिस की सटीक कार्रवाई, 27 लाख की संपत्ति बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार
“जनसहयोग, सतर्कता और प्रयास की जीत”
टेलीग्राफ टाइम्स स्पेशल इन्वेस्टिगेशन डेस्क | छत्तीसगढ़ By: गणपत चौहान
रायगढ़, 23 जुलाई 2025
रायगढ़ के प्रतिष्ठित श्री श्याम मंदिर में हुई सनसनीखेज चोरी की गुत्थी को रायगढ़ पुलिस ने महज 9 दिनों में सुलझा लिया है। इस संगठित अपराध में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 27 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी जब्त की गई है। चोरी को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी सारथी यादव को ओडिशा सीमा से गिरफ्तार किया गया। मामले के खुलासे में रायगढ़, बिलासपुर और मुंगेली पुलिस की टीमों की संयुक्त कोशिशें शामिल रहीं।
धार्मिक स्थल पर हमला – त्वरित कार्रवाई में पुलिस सफल

13-14 जुलाई की दरम्यानी रात अज्ञात चोर ने श्री श्याम मंदिर के मुख्य द्वार और गर्भगृह का ताला तोड़कर मंदिर में घुसपैठ की। यहां से श्याम बाबा का सोने का मुकुट, कुण्डल, गलपटिया, चार छत्तर और दानपेटी से ₹2 लाख नकद चुराकर फरार हो गया। कुल चोरी गई संपत्ति का मूल्य लगभग ₹27 लाख आँका गया।
घटना की रिपोर्ट मंदिर मंडल अध्यक्ष श्री बजरंग लाल अग्रवाल द्वारा थाना कोतवाली में दर्ज कराई गई थी, जिस पर धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत केस क्र. 335/2025 दर्ज किया गया।

9 दिन, 1 मिशन – संयुक्त पुलिस टीम का ऑपरेशन
एसपी श्री दिव्यांग पटेल के नेतृत्व में बनी विशेष टीम में एडिशनल एसपी, सीएसपी, पांच थाना प्रभारी, साइबर सेल, फॉरेंसिक यूनिट और डॉग स्क्वॉड को शामिल किया गया। पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला स्वयं रायगढ़ पहुंचकर निरीक्षण कर चुके थे और लगातार मार्गदर्शन देते रहे।

टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, 1.25 लाख मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया से मिले सुरागों का विश्लेषण किया। एक संदिग्ध युवक की तस्वीरें सार्वजनिक की गईं, जिससे पहचान हुई सारथी यादव के रूप में।
ओडिशा बॉर्डर से गिरफ्तारी, सुनियोजित साजिश का पर्दाफाश
चोरी के बाद सोने के आभूषण बोरी में भरकर दियाडेरा तक पहुंचा, जहां से पत्नी को बुलाकर गांव लौटा और माल को छिपाया।
बरामद सामान – आस्था की पुनर्स्थापना
छह आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए:
- सोने के मुकुट, हार, कुण्डल, गलपटिया, 4 छत्तर
- ₹10,000 नकद
- घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड, एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल
- और आरोपी द्वारा चोरी के समय पहना संतरा रंग का टी-शर्ट बरामद किया।
कुल जब्त माल की कीमत ₹26.80 लाख आँकी गई है। पुलिस ने प्रकरण में धार्मिक भावना को ठेस, संगठित अपराध आदि को लेकर धारा-238, 299, 111, 3(5) BNS भी जोड़ी है।

टीम वर्क की मिसाल – सम्मानित हुए पुलिसकर्मी
इस ऑपरेशन में रायगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम, सीएसपी अनिल विश्वकर्मा, निरीक्षक सुखनंदन पटेल, राकेश मिश्रा, प्रशांत राव, मोहन भारद्वाज, साइबर सेल, ACCU समेत 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।
आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
आरोपी और गिरफ्तारियां
- सारथी यादव (33 वर्ष), ठेंगागुड़ी
- नवादाई यादव (28 वर्ष)
- मानस भोय (23 वर्ष)
- उपेन्द्र भोय (30 वर्ष)
- दिव्य प्रधान (34 वर्ष), बरगढ़ (ओडिशा)
- विजय उर्फ बिज्जु प्रधान (34 वर्ष), बरगढ़ (ओडिशा)
संदेश स्पष्ट – आस्था से खिलवाड़ नहीं सहा जाएगा
रायगढ़ पुलिस की तेजतर्रार कार्रवाई और समन्वय ने न सिर्फ श्याम मंदिर की प्रतिष्ठा बहाल की, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि धार्मिक स्थलों के खिलाफ अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
“सुरक्षित सुबह” अभियान से जुड़ें
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सुरक्षित सुबह” सीसीटीवी जागरुकता अभियान के तहत लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अपने परिसरों में सीसीटीवी लगाने और पुलिस से साझा करने की अपील की गई है। जिन नागरिकों के फुटेज से सहायता मिली, उन्हें भी सम्मानित किया गया।

